-
बिग बॉस 10 में वाइल्ड कार्ड एंट्री करने के बाद मॉडल नोरा फतेही को पंजाबी सिंगर हार्डी संधु के गाने Naah पर खूब सराहा गया। इस गाने को 20 करोड़ से ज्यादा लोग देख चुके हैं। गाने में नोरा फतेही का डांस खूब पसंद किया गया। इसके बाद जॉन अब्राहम की फिल्म 'सत्यमेव जयते' के आइटम सॉन्ग दिलबर- दिलबर में भी नोरा कमाल दिखीं। यह गाना भी इन दिनों काफी चलन में हैं। नोरा बाहुबली के आइटम सॉन्ग में प्रभास के साथ भी ठुमके लगा चुकी हैं। लेकिन अब उनके बारे में बताया जा रहा है कि वह सिंगिंग में कदम रखने जा रही हैं। यानी एक्टिंग, डांसिंग के बाद अब नोरा फतेही सिंगिंग के हुनर से भी खुद को निखारना चाहती हैं। (All Photos- Nora Fatehi Facebook)
बताया जा रहा है कि नोरा फतेही 'दिलबर-दिलबर' का आधिकारिक अरबी वर्जन तैयार करने के लिए मोरक्को के संगीत समूह फनेयर के साथ काम करने जा रही हैं। नोरा फतेही एक मोरोक्कन कनाडाई डांसर अभिनेत्री और मॉडल हैं। उनका बेली डांस पूरी दुनिया में मशहूर है। नोरा ने एक बयान में कहा, "यह मोरक्को और भारत दोनों के लिए एक बड़ा सौदा है क्योंकि यह पहली बार है जब हम भारतीय संस्कृति और मोरक्कन संस्कृति को कलात्मक और संगीत के साथ मिलकर पेश करेंगे और इन्हें साथ लाना मेरा मेरा लक्ष्य भी रहा है। नोरा का कहना है कि दिलबर- दिलबर के साथ ही वह सिंगिंग की शुरुआत करने वाली हैं और फनेयर इसमें उनके साथ रैपिंग करेगें। नोरा इन दिनों गीत का निर्माण भी कर रही हैं और टी-सीरीज इसे अपने चैनल पर लॉन्च करेगा। बकौल नोरा हमने गाने के महत्वपूर्ण हिस्सों को बनाए रखा है और प्रशंसक इसका आनंद लेंगे। उन्होंने कहा कि वह 'दिलबर' को अफ्रीका और मध्य पूर्व ले जाना चाहती थी क्योंकि यह उनके लिए खुद को लॉन्च करने का भी एक सही तरीका था। -
यह गीत अक्टूबर में रिलीज होगा। फिल्म 'सत्यमेव जयते' का 'दिलबर' वर्ष 1999 के 'दिलबर' का नया संस्करण था।
