-
शाहिद कपूर की फिल्म कबीर सिंह ने 100 करोड़ के कमाई के आंकड़े को पार कर लिया है। वो भी महज 5 दिनों में। वैसे फिल्म को लेकर सोशल मीडिया में काफी नेगेटिव बाते की गईं। कुछ लोगों ने लिखा कि फिल्म से नशा करने की प्रवृत्ति बढ़ेगी तो कुछ लोगों ने इसे फेमिनिज्म से जोड़ कर देखा। ऐसे लोगों का ये भी कहना था कि कबीर सिंह जैसे किरदार को हीरो नहीं दिखाना चाहिए। खुद सेंसर बोर्ड के एक सदस्य ने भी कबीर सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि फिल्म के लिए जितनी ही नेगेटिविटी फैली बॉक्सऑफिस पर उसका जादू उतना ही तेज चला। कमाई के मामले में शाहिद की ये फिल्म साल 2019 की सबसे बड़ी हिट होने की तरफ तेजी से बढ़ रही है। वैसे ये कोई पहली फिल्म नहीं है जिसे निगेटिव पब्लिसिटी का फायदा मिला हो। इससे पहले भी ऐसी कई फिल्मों ने बॉक्सऑफिस पर झंडे गाड़े जिनके कंटेंट को लेकर काफी हंगामा हुआ। नजर डालते हैं ऐसी ही फिल्मों पर-
-
पद्मावत: साल 2018 में रिलीज हुई फिल्म पद्मावत को लेकर ये कहा गया था कि इसमें राजपूतों का अपमान दिखाया गया है। कई राजपूत समूहों ने इस पर खूब हंगामा काटा। ये तक कहा गया कि जो फिल्म देखने जाएगा वो अपना जीवन बीमा करवा ले। डायरेक्टर का सिर कलम करने तक जैसी धमकियां बी दी गईं। हालांकि फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हुई। पद्मावत ने बॉक्सऑफिस पर 300 करोड़ से भी ज्यादा की कमाई की।
-
संजू: राजकुमार हीरानी की संजू 2018 में रिलीज हुई। ये संजय दत्त की बायोपिक थी। फिल्म के हीरो थे रणबीर कपूर। इसके लिए कहा गया कि एक एक्टर जो टाडा के तहत सजा काट चुका है फिल्म में उसका महिमा मंडन किया गया है। ये भी कहा गया कि इसमें जबरन एक अपराधी को हीरो दिखाया गया है। हालांकि ये फिल्म भी सुपरहिट रही। संजू 2018 की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बनी।
-
मद्रास कैफे: श्रीलंका के गृह युद्ध पर आधारित इस फिल्म पर तमिलों ने खूब हंगामा काटा था। उनका कहना था कि फिल्म में तमिलों को आतंकी दिखाया गया है। फिल्म में राजीव गांधी की हत्या के षडयंत्र को भी दिखाया गया था। तमाम विरोध के बाद भी फिल्म सफल रही। इस फिल्म से जॉन अब्राहम के करियर को एक नई दिशा भी मिली।
-
माय नेम इज खान: साल 2008 में रिलीज हुई इस फिल्म के हीरो थे शाहरुख खान। रिलीज से ऐन पहले शाहरुख ने कहा था कि आईपीएल में कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों को खिलाना चाहिए। इस बयान से शिवसेना खफा हो गई। उसने ऐलान कर दिया कि हम माय नेम इज खान को महाराष्ट्र में नहीं चलने देंगे। इतने विरोध के बाद भी फिल्म हिट हुई और शाहरुख को फिल्मफेयर अवार्ड दिला गई।
-
पीके: राजू हिरानी की ये फिल्म 2014 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म के लिए कहा गया कि इसमें मुसलमान एक्टर ने हिंदू धर्म का उपहास किया है। फिल्म के एक्टर थे आमिर खान। कई जगह विरोध प्रदर्शन बी हुए। असके बावजूद पीके ने कमाई के मामले में झंडे गाड़ते हुए 300 करोड़ से ज्यादा बटोर लिए।
