-
शनिवार को भारत की मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम कर लिया। यह पूरे देश के लिए खुशी का पल था और लोगों ने इसे जमकर इंजॉय किया। लेकिन क्या आप जानते हैं कि किस भारतीय महिला ने पहली बार यह खिताब अपने नाम किया था? और क्या आप यह जानते हैं कि अब तक कितनी महिलाएं यह खिताब अपने नाम कर चुकी हैं। तो चलिए आपको बताते हैं इस बारे में कुछ दिलचस्प बातें।
-
मुंबई में जन्मी रीता पहली भारतीय और एशियाई मूल की महिला हैं जिन्होंने 1966 में मिस वर्ल्ड का खिताब अपने नाम किया। एक साल तक मॉडलिंग इंडस्ट्री में अपनी धाक जमाने के बाद रीता ने डॉक्टरी की पढ़ाई पूरी की और इस क्षेत्र में अपना कैरियर बनाया।
-
रीता के बाद ऐश्वर्या साल 1994 में मिस वर्ल्ड बनीं। ऐश्वर्या भारत की तरफ से अब तक की सबसे मशहूर मिस वर्ल्ड्स में गिनी जाती हैं। उन्होंने बॉलीवुड इंडस्ट्री में खूब नाम कमाया और आज वह बच्चन परिवार की बहू हैं।
-
भारतीय सुंदरियों की फेहरिस्त में ऐश्वर्या के बाद 1997 में यह ताज डायना हेडन के नाम हुआ। हैदराबाद में जन्मीं डायना एक ईसाई परिवार से थीं। डायना मशहूर टीवी शो बिग बॉस के दूसरे सीजन में नजर आ चुकी हैं और साथ ही उन्होंने 'अब बस' नाम की फिल्म में भी काम किया है।
-
डायना के बाद दो साल तक भारत की ओर से किसी सुंदरी ने यह खिताब नहीं जीता, लेकिन फिर 1999 और 2000 में लगातार यह खिताब भारत की लड़कियों ने अपने नाम किया। 1999 में बेंगलुरू में जन्मी युक्ता मुखे ने यह खिताब अपने नाम किया।
-
ठीक अगले साल यानि साल 2000 में प्रियंका चोपड़ा ने यह खिताब जीता। प्रियंका आज दुनिया भर के लिए एक मशहूर चेहरा हैं। तमाम हिट फिल्में दे चुकीं प्रियंका ने इसी साल फिल्म बेवॉच से अपना हॉलीवुड डेब्यू किया है।
-
साल 2000 के बाद 17 सालों तक भारत इस ताज से दूर रहा और अब 20 वर्षीय मानुषी छिल्लर ने फिर से यह खिताब भारत के नाम करके सभी को गौरवान्वित कर दिया है।