-
परिणीति चोपड़ा बॉलीवुड की एक जानी-मानी एक्ट्रेस हैं। परिणीति एक पंजाबी परिवार से आती हैं। उनका जन्म 22 अक्टूबर 1988 को हरियाणा के अंबाला में हुआ था। परिणीति के पिता का नाम पवन चोपड़ा है, जो कि एक व्यवसायी हैं। उनकी माँ का नाम रीना चोपड़ा है। परिणीति के दो भाई भी हैं, जिनका नाम शिवांग और सराज चोपड़ा है। बता दें कि परिणीति अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की कजिन हैं। क्या आप जानते हैं कि परिणीति चोपड़ा बॉलीवुड फिल्मों में हीरोइन बनने से पहले पीआर कंसल्टेंट के रूप में काम कर चुकी हैं। आइए जानते हैं परिणीत चोपड़ा की ऐसी ही कई दिलचस्प बातें।
-
परिणीति 17 साल की उम्र में लंदन चली गई थीं। उन्होंने वहां पर मैनचेस्टर बिजनेस स्कूल से बिजनेस, फाइनेंस और इकनॉमिक्स में ऑनर्स की डिग्री हासिल की। साल 2009 की आर्थिक मंदी के चलते वह भारत लौट आईं।
-
क्या आप जानते हैं कि परिणीति यशराज फिल्म्स के बैनर के साथ मैनेजर के तौर पर काम कर चुकी हैं। उन्होंने दिल बोले हड़िप्पा, बदमाश कंपनी, लफंगे परिंदे और बैंड बाजा बारात जैसी फिल्मों में मैनेजमेंट का काम संभाला था।
-
परि यानि परिणीति चोपड़ा कामयाब एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा कजिन हैं, लेकिन कहा जाता कि बॉलीवुड में करियर बनाने के लिए उन्होंने प्रियंका से कुछ खास मदद नहीं ली है।
-
परिणीति चोपड़ा ने साल 2011 में आई फिल्म 'लेडीज वर्सेस रिकी बहल' से बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसमें वह अनुष्का शर्मा के साथ को-एक्ट्रेस के तौर पर नजर आई थीं।
-
परिणीति चोपड़ा को साल 2012 में आई फिल्म 'इशकजादे' से जबरदस्त पॉपुलैरिटी मिली थी। हबीब फैसल निर्देशित इस फिल्म में परिणीति ने जोया कुरैशी नामक किरदार निभाया था।
-
इसके बाद साल 2013 में आई फिल्म 'शुद्ध देसी रोमांस' और 2014 में 'हंसी तो फंसी' बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं कर पाई। लेकिन इन दोनों ही फिल्मों में परि के अभिनय की काफी तरीफ हुई।
-
परिणीति चोपड़ा फिलहाल फिल्म 'गोलमाल अगेन' की शूटिंग कर रही हैं। मालूम हो कि परिणीति पहली बार 'गोलमाल' सीरिज की फिल्मों का हिस्सा बनी हैं।
-
सानिया मिर्जा ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर उनकी जीवनी पर कोई फिल्म बनती हैं तो परिणीति चोपड़ा मेरा किरदार बेहतर निभा सकती हैं।
-
परिणीत ने बताया था कि सानिया ने मुझे फोन पर कहा कि तुम मेरी तरह दिखती हो और तुम्हारी व मेरी शारीरिक बनावट भी एक जैसी है।
-
जानना दिलचस्प है कि परिणीति भारतीय शास्त्रीय संगीत की शिक्षा ले चुकी हैं। हाल ही में आई फिल्म 'मेरी प्यारी बिंदू' में वह गाना गाती भी नजर आई थीं।
