-

बंगलुरु से एर्नाकुलम जा रही एक्सप्रेस ट्रेन के नौ डिब्बे शुक्रवार सुबह पटरी से उतर गए। इस हादसे में नौ यात्रियों की मौत हो गई और 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे पर प्रधानमंत्री ने शोक जताया है। रेलमंत्री ने पीड़ितों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है। इस हादसे की जांच रेल सुरक्षा आयुक्त करेंगे। (फोटो: एपी)
-
बंगलुरु-एर्नाकुलम इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह छह बजकर 15 मिनट पर बंगलुरु से रवाना हुई थी। सात बजकर 35 मिनट पर बंगलुरु सिटी-सलेम सेक्शन पर अनेकल रोड और होसुर के बीच यह पटरी से उतर गई। (फोटो: भाषा)
-
मंडलीय रेलवे प्रबंधक अनिल कुमार अग्रवाल ने संवाददाताओं को बताया कि बचाव अभियान पूरा होने पर मृतकों की संख्या नौ पहुंच चुकी थी। घटनास्थल कर्नाटक और तमिलनाडु की सीमा के पास बंगलुरु से करीब 45 किलोमीटर की दूरी पर है। दुर्घटना में मारे गए लोगों में पांच पुरुष, तीन महिलाएं और 9 साल का एक बच्चा शामिल है। (फोटो: एपी)
-
रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने दुर्घटना के कुछ देर बाद एक ट्वीट में कहा कि पटरी पर एक बड़ा सा पत्थर गिर गया था और ट्रेन उससे टकरा गई। वहीं अग्रवाल ने कहा कि इंजन के चालक ने अधिकारियों को बताया था कि उसने एक बड़े पत्थर की आवाज सुनी है लेकिन अधिकारियों को कोई पत्थर मिला ही नहीं। (फोटो: भाषा)
-
कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक लालरोखुमा पचाउ ने कहा कि 16 यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा,‘हल्की चोटों का शिकार बने लोगों का प्राथमिक उपचार किया गया और वे वहां से चले गए।’ (फोटो: एपी)
-
रेलवे पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक आरपी शर्मा ने कहा दुर्घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्यों के निरीक्षण के लिए पहुंचे रेलमंत्री सुरेश प्रभु ने घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच के आदेश दिए हैं। (फोटो: भाषा)
-
दुर्घटना पर दुख जताते हुए मंत्री ने मृतकों के परिजनों के लिए दो-दो लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की। गंभीर रूप से घायल लोगों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे और मामूली रूप से घायल लोगों को 20-20 हजार रुपए दिए जाएंगे। (फोटो: एपी)
-
दुर्घटनास्थल के लिए रवाना होने से पहले प्रभु ने ट्वीट किया था,‘मैं दुर्घटनास्थल पर फंसे हुए सभी लोगों की मदद के लिए बंगलुरु जा रहा हूं। प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी। दुर्घटना की जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच और इस तरह के दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उचित एहतियाती उपाय और उनकी नियमित निगरानी के आदेश दिए गए हैं।’ (फोटो: भाषा)
-
रेलवे, पुलिस, दमकल विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल के दल ने राहत अभियान चलाया। कर्नाटक और तमिलनाडु से चिकित्सीय दल घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। (फोटो: भाषा)
-
केंद्रीय कानून मंत्री डीवी सदानंद गौड़ा को प्रभु ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने के लिए कहा था। गौड़ा ने कहा कि नौ डिब्बे पटरी से उतरे थे। घायलों को अनेकल और बंगलुरु के अस्पतालों में ले जाया गया था। (फोटो: भाषा)