दुनिया का सबसे बड़ा सर्च इंजन गूगल 21 जुलाई को मीडिया थ्योरी में विशेषज्ञ कनाडा के दार्शनिक और प्रोफेसर मार्शल मैक्लुहान के 106वें जन्मदिन को सेलिब्रेट कर रहा है। इसके लिए गूगल ने खास डूडल तैयार किया है। इसमें दर्शाया गया है कि मैक्लुहान मानव इतिहास को किस नजरिए से देखते थे। वर्ल्ड वाइड वेब (WWW)के आने से करीब 30 साल पहले ही मार्शल मैक्लुहान ने वेब टेक्नोलॉजी के बारे में भविष्यवाणी कर दी थी और इसके प्रभाव के बारे में भी बता दिया था।
मार्शल मैक्लुहान का जन्म 21 जुलाई 1911 को कनाडा के एडमोंटन में हुआ था। उन्होंने मैनिटोबा विश्वविद्यालय और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने अमेरिका और कनाडा की कई यूनिवर्सिटी में अंग्रेजी के प्रोफेसर के रूप में अपना टीचिंग करियर शुरू किया। हालांकि बाद में वह टोरंटो यूनिवर्सिटी चले गए और बाकी का जीवन भी वहीं व्यतीत किया।
मैक्लुहान उस समय चर्चाओं में आए थे जब उन्होंने 1960 में यह बताया था कि हमारा समाज तकनीक और जानकारी साझा करने के तरीके से प्रभावित होगा। मैक्लुहान के लिए मानव इतिहास चार प्रमुख संचार काल में बंटा हुआ था: शाब्दिक युग (मौखिक पंरपरा), साहित्यिक युग (जिसकी शुरुआत लिखने से हुई), प्रिंट युग (जिसकी शुरुआत प्रिंटिंग प्रेस से हुई) और इलेक्ट्रॉनिए युग (कंप्यूटर के जरिए सूचना का प्रसार)। 1962 में लिखी अपनी किताब “The Gutenberg Galaxy” में उन्होंने बताया कि किस तरह इलेक्ट्रॉनिक तकनीक के कारण दुनिया एक गांव के समान आपस में जुड़ी होगी। इस किताब में उन्होंने वर्तमान में इस्तेमाल होने वाली वेब टेक्नोलॉजी की भी भविष्यवाणी की थी। जबकि यह तकनीक मैक्लुहान की मौत के एक दशक बाद तक नहीं आई थी।
मार्शल मैक्लुहान ने अंडरस्टैंडिंग मीडिया समेत कई प्रभावित करने वाले बुक लिखी हैं। उनकी प्रमुख किताबें Understanding Media, Medium is the Massage: An Inventory of Effects, War and Peace in the Global Village, Take Today: The Executive as Drop-out, Laws of Media: The New Science हैं।