जापान के दक्षिण-पश्चिमी तट पर शनिवार को 7.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकम्प आया। भूकम्प का केंद्र दक्षिण-पश्चिम जापान में मकुराजकी शहर से लगभग 160 किलोमीटर दूर था। अमेरिका के भूगर्भ वैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि भूकम्प स्थानीय समयानुसार सुबह 5:51 बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार 20:51 बजे शुक्रवार को) आया। पैसिफिक सुनामी वार्निंग सेंटर ने कहा है कि भूकम्प से सुनामी का खतरा नहीं है।
जापान के द्वीप समूह कई टेक्टोनिक प्लेटों के जोड़ पर स्थित हैं। हर साल यहां पर भूकम्प के कई झटके महसूस किए जाते हैं। मार्च 2011 में जापान में समुद्र में भूकम्प आया था जिसके कारण देश के उत्तर-पूर्व तट पर सुनामी आई थी। इसमें हजारों लोग मारे गए और कई बेघर हुए थे। सुनामी के कारण फुकुशिमा परमाणु संयंत्र भी प्रभावित हुआ था। पानी की तेज लहरों के कारण इसकी कूलिंग प्रणालियां प्रभावित हो गई थीं और संयंत्र के तीन रिएक्टर पिघल गए थे।