Yes Bank Crisis: सीबीआई ने येस बैंक के संस्थापक राणा कपूर के खिलाफ धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया है। इससे पहले येस बैंक के संस्थापक राणा कपूर के परिवार पर ईडी ने शिकंजा कस दिया। राणा कपूर की बेटी के साथ दामाद के खिलाफ भी लुकआउट नोटिस जारी किया था। मुंबई एयरपोर्ट पर राणा कपूर की बेटी रोशनी कपूर को रोक लिया गया। रोशनी कपूर लंदन जा रही थीं। सूत्रों के अनुसार रोशनी को जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। इससे पहले ईडी ने यश बैंक के संस्थापक राणा कपूर को कोर्ट में पेश करने से पहले मेडिकल जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मेडिकल के लिए उन्हें जीटी अस्पताल ले जया गया है। इसके बाद उन्हें अदालत मे पेश किया गया जहां उन्हें अदालत ने 11 मार्च तक ईडी की हिरासत में भेज दिया है।
राणा के अलावा उनकी पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है। उनकी पत्नी बिन्दु ईडी के आधिकारिक दफ्तर पहुंच चुकी हैं। बता दें राणा को रविवार सुबह 4 बजे गिरफ्तार किया गया था।केंद्रीय एजेंसी ने कपूर के आवास पर शुक्रवार रात को छापा मारा था जिसके बाद 20 घंटे से अधिक समय तक चली पूछताछ के बाद बेलार्ड एस्टेट में ईडी के कार्यालय में कपूर को गिरफ्तार कर लिया गया। यह गिरफ्तारी तब हुई है जब इस निजी बैंक में वित्तीय अनियमितताओं और इसके संचालन में कुप्रबंधन के आरोप सामने आए हैं।