फरवरी में एक महिला की मौत के सिलसिले में गठित संंयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) की महिला सदस्यों ने मृतक के शव को जलाने के राज्य सरकार के आदेश के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सोमवार को यहां मणिपुर के मुख्यमंत्री ओ इबोबी सिंह के सरकारी बंगले में घुसने की कोशिश की।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस के एक बड़े दल ने हालांकि उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। पुलिस दल में महिला कर्मी शामिल थीं। प्रदर्शनकारी महिलाएं 45 साल की महिला की मौत की सही तरीके से जांच की मांग कर रही थीं। गत 26 फरवरी को थोउबल के समारम पनठक लोउकोल में धान के एक खेत में महिला का शव पाया गया था।

शव के पास जहर की एक बोतल भी मिली थी। जहां पुलिस ने कहा कि यह आत्महत्या का संदिग्ध मामला है, वहीं जेएसी ने आरोप लगाया कि 22 फरवरी से लापता हुई इस महिला की हत्या हुई।

जेएसी संयोजक एके मेमचा ने कहा कि सरकार से अंत्येष्टि के आदेश रद्द करने और हत्या के जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाने की मांग की जा रही है। जेएसी ने आंदोलन जारी रखने की भी घोषणा की।