राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बीती रात देश में कई राज्यपालों को नियुक्त किया है। इनसे से कुछ नेता ऐसा हैं जिनके बारे में हर कोई जानना चाहता है। ऐसा ही एक नाम राजस्थान बीजेपी के पूर्व वरिष्ठ नेता गुलाब चंद कटारिया का है। अभी तक वह असम के राज्यपाल के तौर पर अपनी सेवाएं दे रहे थे। अब कटारिया को पंजाब का नया राज्यपाल बनाया गया है। इसके साथ ही उनको केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ का प्रशासक भी भी नियुक्त किया गया है।

गुलाब चंद कटारिया को फरवरी 2023 में असम का राज्यपाल बनाया था। उसके पहले वह राजस्थान बीजेपी के बड़े नेता हुआ करते थे। वह वसुंधरा राजे की सरकार में साल 2014 से लेकर 2018 तक राज्य के गृह मंत्री भी रह चुके हैं। मूल रूप से उदयपुर के रहने वाले कटारिया लोकसभा के सांसद और राजस्थान के ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री भी रहे हैं। एक समय उनको राजस्थान के सबसे वरिष्ठ नेताओं में रखा जाता था। कटारिया को पार्टी ने इनाम देते हुए उनको असम का राज्यपाल नियुक्त किया था। अब उनको पंजाब का राज्यपाल और चंडीगढ़ का उपराज्यपाल बनाया गया है।

अपने दम पर उदयपुर को कटारिया ने बनाया बीजेपी का गढ़

वहीं कटारिया के राजनीतिक सफर की बात करें तो साल 1977 में पहली बार वो उदयपुर शहर सीट से पहली बार विधायक चुने गए थे। इसके बाद कटारिया दिन-प्रतिदिन आगे बढ़ते चले गए। इसके बाद उन्होंने अपने बल बुते के दम पर उदयपुर को भाजपा का गढ़ बना दिया। बताया जाता है कि कटारिया ने जीवन में कुल 11 चुनाव लड़ा जिसमें से वह 9 बार जीत दर्ज करने में कामयाब रहे।

अभी तक पंजाब के राज्यपाल का कार्यभार देख रहे बनवारी लाल पुरोहित और पंजाब की भगवंत मान सरकार के बीच कई बार टकराव देखने को मिलता रहा। मामला कई बार हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया। बनवारी लाल पुरोहित को राष्ट्रपति ने 31 अगस्त 2021 को पंजाब का राज्यपाल नियुक्त किया था। बीती रात को ही पुरोहित ने राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा भेज दिया था जिसको राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है।

पंजाब के अलावा कई और राज्यों के भी राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं।

  • राजस्थान – हरिभाऊ किसनराव बागड़े
  • तेलंगाना – जिष्णु देव वर्मा
  • सिक्किम – ओम प्रकाश माथुर
  • छत्तीसगढ़ – रनमन डेका
  • मेघालय – सीएच विजयशंकर
  • महाराष्ट्र – सीपी राधाकृष्णन
  • असम और मणिपुर – लक्ष्मण प्रसाद आचार्य