दिल्ली की एक अदालत ने 2000-01 के कथित रक्षा सौदे में भ्रष्टाचार के मामले में समता पार्टी की पूर्व अध्यक्ष जया जेटली और दो अन्य लोगों को चार साल कैद की सजा सुनाई है। समाचार पोर्टल ‘तहलका’ द्वारा किए स्टिंग ‘ऑपरेशन वेस्टेंड’ के बाद इस मामले ने तूल पकड़ा था। हालांकि, दिल्ली उच्च न्यायालय ने कथित रक्षा सौदे से जुड़े भ्रष्टाचार के एक मामले में समता पार्टी की पूर्व अध्यक्ष जया जेटली को सुनायी गयी चार साल कैद की सजा पर बृहस्पतिवार को रोक लगा दी।

एक समय था जब जया जेटली राजनीतिक रूप से काफी मजबूत थी। जया जेटली समता पार्टी की अध्यक्ष भी रहीं। जया और समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस के रिश्ते को लेकर काफी बातें हुआ करती थीं। समाजवादी नेता जॉर्ज फर्नांडिस से जया जेटली की पहली मुलाकात 1977 में हुई थी। फर्नांडिस उस समय जनता पार्टी की सरकार में उद्योग मंत्री हुआ करते थे। जया जेटली के पति अशोक जेटली जॉर्ज के स्पेशल असिस्टेंट के रूप में काम करते थे। उसके बाद से जया ने जॉर्ज के साथ काम करना शुरू कर दिया।

बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार 1984 आते आते जॉर्ज और जया एक दूसरे से इतने घुलमिल गए थे कि वे अपने वैवाहिक जीवन की निजी बातें भी एक दूसरे से शेयर करने लगे। जॉर्ज उस समय अपनी प्रेमिका लैला से शादी कर चुके थे। लैला नेहरू की कैबिनेट में मंत्री रहे हुमायूं कबीर की बेटी थीं। दोनों की शादी 22 जुलाई 1971 को हुई थी।

1984 में लैला जॉर्ज को छोड़कर अपने बच्चे के साथ अमेरिका लौट गईं। यही वह समय था जब जया जेटली और जॉर्ज एक दूसरे के अधिक करीब आए। जॉर्ज फर्नांडिस के साथ दोस्ती या इससे बढ़कर कुछ और? इस सवाल पर एक इंटरव्यू में जया जेटली बताती हैं कि कई किस्म के दोस्त हुआ करते है और दोस्ती के भी कई स्तर होते हैं। उनका कहना था कि महिलाओं को एक किस्म के बौद्धिक सम्मान की बहुत ज़रूरत होती है। जया ने कहा था कि हमारे पुरुष प्रधान समाज के अधिकतर लोग सोचते हैं कि महिलाएं कमज़ोर दिमाग और कमज़ोर शरीर की होती हैं। उन्होंने कहा कि जॉर्ज वाहिद शख़्स थे जिन्होंने मुझे विश्वास दिलाया कि महिलाओं की भी राजनीतिक सोच हो सकती है।

जया जेटली ने कहा कि दूसरी बात है कि उनकी (जॉर्ज) सोच बहुत मानवतावादी थी। जया ने बताया कि एक बार वो जेल में थे तो पंखे के ऊपर बनाए गए चिड़िया के घोंसले से उसके दो- तीन बच्चे नीचे गिर गए। बच्चे उस समय उड़ने की स्थिति में नहीं थे। ऐसे में जॉर्ज ने अपनी ऊनी टोपी में ही उनके लिए घोंसला बना दिया और उनको पाला। जया ने बताया कि जॉर्ज कहीं भी जाते थे तो अपनी जेब में दो टॉफ़ी रखते थे। वो बच्चों के देखते ही वो टॉफी उन्हें खाने के लिए देते थे। ये ही सब चीज़े थीं जिन्होंने हम दोनों को जोड़ा। इसमें रोमांस का पुट बिल्कुल नहीं था।