पुष्कर के मशहूर ब्रह्मा मंदिर के पुजारी पर हमला हुआ है। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि एक शख्स पुजारी की हथियार से पिटाई कर रहा है। मंदिर के पुजारी किसी तरह से उस शख्स से बचने की कोशिश करते हैं लेकिन वो शख्स मंदिर के पुजारी की पिटाई कर देता है। इतना ही नहीं इस दौरान मंदिर में आने लागों पर भी वो हमला बोल देता है।  हथियार लेकर यह शख्स जैसे ही श्रद्धालुओं की तरफ बढ़ता है लोगों में दहशत फैल जाती है और लोग इधऱ-उधर भागने लगते हैं।

घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक इस शख्स का नाम अशोक मेघवाल है। पुष्कर पुलिस ने आरोपी अशोक मेघवाल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस शख्स को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जहां से अदालत ने उसे 15 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया। बतलाया जा रहा है कि सोमवार (28 मई) को अशोक मेघवाल एक हथियार के साथ ब्रह्मा मंदिर पहुंचा और अचानक ही वहां मौजूद महादेव पुरी नाम के पुजारी पर हमला बोल दिया। इस शख्स ने मंदिर के पुजारी पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का अपमान करने का आरोप लगाते हुए उनकी पिटाई शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक बीते 14 मई को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपनी पत्नी के साथ इस विश्व प्रसिद्ध मंदिर में आए थे। इस दौरान राष्ट्रपति की पत्नी सविता कोविंद ने मंदिर की सीढ़ियों के नीचे ही पूजा अर्चना की थी, दरअसल उनके पैरों में चोट होने की वजह से वो सीढ़ियां चढ़कर मंदिर के अंदर तक नहीं जा पाई थीं। इसके बाद सोशल मीडिया पर यह अफवाह वायरल हो गई कि मंदिर में राष्ट्रपति का अपमान किया गया है।

जिसके बाद इस शख्स ने इस काम को अंजाम दिया है। इस पिटाई से मंदिर के पुजारी बुरी तरह से घायल हो गए हैं। पुलिस का यह भी कहना है कि आरोपी अशोक मेघवाल पहले भी ऐसी हरकतें करता रहा है। अशोक पर जैसलमेर में बाबा भीमरामजी अंबडेकर की मूर्ति को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप है। जोधपुर में एक डॉक्टर पर हमला करने का आरोप भी अशोक मेघवाल पर है।