अक्सर अपने बयान के चलते सुर्खियों में रहने वाले बीजेपी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। पश्चिम बंगाल में उन्होंने एक संबोधन के दौरान विवादित बयान दिया। उन्होंने बंगाल के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हमारे कार्यकर्ताओं को परेशान किया तो हमने चूड़ियां नहीं पहनी है।

न्यूज एजेंसी एएनआई द्वारा जारी एक वीडियो में वह अधिकारियों को लेकर विवादित बयान देते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर बीजेपी के कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने चूड़ी नहीं पहन रखी है। हम शराफत से काम करते हैं इसका मतलब ये नहीं है कि हमें मर्यादा तोड़ना नहीं आता।


उन्होंने कहा कि  अगर बंगाल में उनकी सरकार आई तो अधिकारियों को मुर्गा बना देंगे। पुरुलिया में एक रैली के दौरान उन्होंने यह बातें कही। विजयवर्गीय ने कहा कि चमचागिरी , भ्रष्टाचार और बीजेपी कार्यकर्ताओं को परेशान करने वालों की लिस्ट तैयार हो रही है। कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, ‘उस एसपी का क्या नाम है? मुर्गा? मुर्गा हो या कुछ भी, हम मुर्गा बना देंगे, हमारी सरकार आई तो। हमने बहुत सारे अधिकारियों की लिस्ट बनाई है, जिन्हें हम मुर्गा बनाने वाले हैं।’

विजयवर्गीय ने चेतावनी देते हुए कहा कि हम ईंट से ईंट बजा देंगे। हम शराफत से काम करते हैं, लोकतंत्र में विश्वास करते हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि हमें मर्यादा तोड़ना नहीं आता। हम मर्यादा भी तोड़ सकते हैं।’