Vaishno Devi Landslide: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पर्वतों पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर के यात्रा मार्ग पर लैंडस्लाइड हुआ है। लैंडस्लाइड की इस घटना में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हुई है जबकि एक बच्ची घायल है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इस घटना में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है जबकि कई के फंसे होने की आशंका है।

न्यूज एजेंसी IANS के अनुसार, वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर जिस जगह लैंडस्लाइड हुआ है, वह स्थान पंछी हैलीपैड के नजदीक है। यह भी संभावना जताई जा रही है कि लैंडस्लाइड की वजह से कुछ श्रद्धालु फंसे हुए हैं। घटनास्थल पर माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड रिलीफ और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है।

ANI न्यूज एजेंसी से बातचीत में माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ ने कहा कि माता वैष्णो देवी श्राइन ट्रैक पर पत्थर गिरने और भूस्खलन की घटना हुई है। उन्होंने बताया कि माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की आपदा प्रबंधन टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

वैष्णो देवी दर्शन के लिए जाने से पहले जान लें क्या पहनकर जाना है, श्राइन बोर्ड ने लगाया इन वस्त्रों पर प्रतिबंध

जान गंवाने वाली महिलाएं पंजाब और यूपी से  

अधिकारियों ने बताया कि लैंड्स्लाइड की घटना में जान गंवाने वाली दोनों महिलाएं पंजाब और उत्तर प्रदेश की रहने वाली थीं। उन्होंने बताया कि भूस्खलन के बाद हिमकोटि मार्ग पर तीर्थयात्रियों की आवाजाही रोक दी गई, लेकिन त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित मंदिर की तीर्थयात्रा पारंपरिक सांझीछत मार्ग से जारी रही।

लैंडस्लाइड दोपहर करीब सवा दो बजे भवन से तीन किलोमीटर पहले पंछी के पास हुआ। इससे मार्ग के ऊपर बनाया गया लोहे के ढांचे का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। अधिकारियों ने बताया कि मंदिर की ओर जा रहे तीर्थयात्री भूस्खलन के बाद लोहे के ढांचे के नीचे फंस गए।

अधिकारियों के अनुसार, भूस्खलन पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश के कारण पत्थर गिरने से हुआ। मृतकों की पहचान पंजाब के गुरदासपुर के ध्यानपुर गांव की सपना (27) और उत्तर प्रदेश के कानपुर की नेहा (23) के रूप में हुई है। घायल लड़की – कानपुर की रहने वाली सानवी – को उपचार के लिए माता वैष्णो देवी नारायण सुपरस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पिछले महीने श्राइन बोर्ड की दुकान में लगी थी आग

पिछले महीने वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर स्थित श्राइन बोर्ड द्वारा संचालित एक दुकान में आग लगने की खबर आई थी। छह अगस्त को हुई इस घटना में श्राइन बोर्ड द्वारा संचालित एक स्मारिका दुकान में ‘शॉर्ट सर्किट’ की वजह से आग लग गई थी। तब अधिकारियों ने बताया था कि हादसे में दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई थी। अधिकारियों ने बताया था कि नए हिमकोटी मार्ग पर स्थित दुकान में यह आग लगी जिससे भारी नुकसान हुआ है।