उत्तर प्रदेश में रंगो के पर्व होली को मनाये जाने को लेकर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। बता दें कि अलीगढ़ में स्थित एक मस्जिद को सुरक्षा कारणों से ढक दिया गया है। मस्जिद को ढकने को लेकर जानकारी मिली है कि यह पिछले पांच सालों से होता आ रहा है। सुरक्षा कारणों के चलते इस बार भी प्रशासन ने मस्जिद को कपड़े और पन्नी से ढक दिया है।

अब्दुल करीम चौराहे पर स्थित है मस्जिद: इस संबंध में एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, “होली के मौके पर मस्जिद पर रंग पड़ने और गंदगी से बचाने के लिए पिछले 5 सालों से प्रशासन मस्जिद को ढक दिया जाता है। ऐसे में इस बार भी पन्नी से इसे ढका गया है।” बता दें कि यह मस्जिद अलीगढ़ के शहर कोतवाली इलाके के अब्दुल करीम चौराहे पर स्थित है।

दरअसल अब्दुल करीम चौराहा काफी संवेदनशील चौराहों में से एक माना जाता है। इस चौराहे पर मुख्य बाजार की होली मनाई जाती है। बीते 5 सालों में होली के दिन मस्जिद पर रंग पड़ने के चलते कई बार हंगामा देखा गया है। एहतियात के तौर पर प्रशासन होली के आसपास के दिनों में मस्जिद को कपड़ों व पन्नी से ढकता आ रहा है, जिससे किसी प्रकार का बवाल ना हो।

गौरतलब है कि क्षेत्रीय मुस्लिम समाज और मस्जिद कमेटी द्वारा शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए जिला प्रशासन मस्जिद को तिरपाल से नज़रबंद करवा देता है। यह कार्रवाई होली पूजन के दिन सुबह तड़के ही करवा दी जाती है।

मस्जिद को ढकने के फैसले पर स्थानीय मुस्लिम समुदाय द्वारा इसकी प्रशंसा की गई है। दरअसल दोनों समुदाय के बीच होली के दिन झड़पें होने को लेकर पूरे शहर में अशांति का माहौल बन जाता है। ऐसे में अलीगढ़ प्रशासन ने मस्जिद को पूरी तरह ढकवा कर नजर बंद कर दिया है। प्रशासन की इस पहल का मुस्लिम भाइयों की तरफ से स्वागत किया गया है।