बीजेपी की तरफ से यूपी और बिहार के विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया गया है। पार्टी ने बिहार से पूर्व कैबिनेट मंत्री मंगल पांडे, डॉ. लाल मोहन गुप्ता और अनामिका सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। बड़ी बात ये है कि पार्टी ने इस बार अपने वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन को टिकट नहीं दिया है।

उत्तर प्रदेश की बात करें तो पार्टी ने इस बार सात प्रत्याशियों को मैदान में उतारा है। लिस्ट में प्रदेश उपाध्यक्ष मोहित बेनीवाल को भी जगह दी गई है। उनके अलावा विजय बहादुर पाठक, डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, अशोक कटारिया, धर्मेंद्र सिंह, रामतीरथ सिंघल और संतोष सिंह जैसे नामों पर भी दांव चला गया है। अब इन नामों की वजह से मोहसिन रजा, बुक्कल नवाब, यशवंत सिंह, अशोक धवन जैसे नेताओं की टिकट भी काट दी गई है।

जानकारी के लिए बता दें कि 11 मार्च तक विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करना है। वहीं 14 मार्च तक नामांकन पत्र वापस भी लिया जा सकता है। 21 मार्च को इस चुनाव के लिए वोटिंग होगी और उसी दिन नतीजे भी घोषित कर दिए जाएंगे।