उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की एक मेडिकल स्टूडेंट पर खुफिया एजेंसियों और पुलिस ने निगाहें चौकन्नी कर दी है। दरअसल पुलिस को खुफिया सूत्रों से जानकारी मिली की आजमगढ़ की एक छात्रा पिछले दो सालों से एक ISIS समर्थक से सोशल मीडिया पर संपर्क में है। इन दोनों के बीच इस्लाम और इस्लाम की विचारधारा पर खूब बातें होती थी। धीरे-धीरे मेडिकल की ये छात्रा इस शख्स से प्यार करने लगी और शादी का भी ऑफर दे बैठी। अंग्रेजी वेबसाइट द डक्कन क्रोनिकल की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस ISIS समर्थक का नाम अमजद खान है और ये शख्स राजस्थान के चुरू का रहने वाला है। पुलिस ने इस शख्स को गिरफ़्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि अमजद खान का काम युवाओं का ब्रेन वॉश कर उन्हें ISIS में शामिल करना था।
पुलिस के मुताबिक आजमगढ़ की ये छात्रा अमजद खान से इतनी प्रभावित थी कि वो शादीशुदा अमजद से भी दूसरी शादी करने को तैयार थी। खबरों के मुताबिक अमजद ने उसे बताया कि वो शादीशुदा है और दो बच्चों का बाप भी है। बावजूद इसके छात्रा इससे शादी करने को तैयार हो गई, और इन लोगों ने फोन पर ही निकाह कर लिया। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने इस लड़की की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और उसकी गतिविधियों के बारे में जानकारी इकट्ठा कर रही है। पुलिस के मुताबिक वक्त पड़ने पर लड़की को भी गिरफ़्तार किया जा सकता है। लड़की के घरवालों को इस शादी की जानकारी नहीं है।
जांच में पता चला है कि अमजद खान का हैंडलर सफी अरमार सीरिया में है। अमजद खान सोशल मीडिया के माध्यम से सारी जानकारियां सफी अरमार तक भेजता था। सफी अरमार आतंकी संगठन ISIS में भारत का मुखिया है। खुफिया एजेंसियों के मुताबकि सफी अरमार कर्नाटक के भटकल गांव का रहने वाला है। सफी अरमार का काम भारत में ISIS के लिए आतंकियों की भर्ती करना है। बता दें कि भारत में पिछले कुछ महीनों में ISIS से जुड़े कई लोगों का पर्दाफाश पुलिस ने किया है।

