UP Assembly Election: सपा प्रमुख अखिलेश यादव की समाजवादी विजय यात्रा बुधवार को जौनपुर पहुंच गई है। उधर यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज बीजेपी का संकल्प अभियान लॉन्च किया। सीएम योगी ने मतदाताओं से जुड़ने के प्रयास में ‘सुझाव आपका, संकल्प हमारा’ कार्यक्रम की शुरुआत की। बीजेपी का कहना है कि ‘सुझाव आपका, संकल्प हमारा’ के पीछे का विचार लोगों की राय और सुझाव प्राप्त करना है। ताकि इसी के आधार पर उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए भाजपा का ‘संकल्प पत्र’ (घोषणापत्र) तैयार किया जा सके।

वहीं पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियां का जायजा लेने के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग की एक उच्च स्तरीय टीम बुधवार को पंजाब पहुंच गई है। इस टीम का नेतृत्व मुख्य चुनाव आयुक्त चंद्रा कर रहे हैं। टीम पंजाब में दो दिन रहकर चुनावी तैयारियों का जायजा लेगी।

इससे पहले अयोध्या पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि करोड़ों दिलों की तमन्ना थी कि भव्य राम मंदिर बने। यह खुशी की बात है कि करोड़ों भारतीयों का सपना साकार हो रहा है। काशी विश्वनाथ धाम के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्रियों की बैठक हुई। हम सभी राम लला के दर्शन करना चाहते थे। अयोध्या पहुंचने पर बुधवार दोपहर भाजपा शासित सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अयोध्या के सरयू घाट पर आरती और पूजा-अर्चना किए। इसके बाद सभी नेता राम जन्मभूमि और प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन कर रहे हैं।

इसमें हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह और अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, नगालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, गुजरात और गोवा के मुख्यमंत्री, बिहार के दो उपमुख्यमंत्री और अरुणाचल प्रदेश के एक उपमुख्यमंत्री के अलावा सिक्किम, मेघालय, मिजोरम, कर्नाटक और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री शामिल हैं।

अयोध्या पहुंचने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “सौभाग्य है कि रामलला की जन्मभूमि के अब फिर से दर्शन होंगे। राम मंदिर निर्माण के बाद पहली बार यहां आने का अवसर प्राप्त हुआ। सब सुखी, निरोग रहे और सबका मंगल हो।”

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव पर पूरे देश की निगाह है। अगले साल शुरुआत में ही यहां विधानसभा चुनाव होने हैं। हालांकि अब तक स्पष्ट नहीं है कि तारीखों का ऐलान कब किया जाएगा। निर्वाचन आयोग का एक दल चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को पंजाब का दौरा करेगा। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने की कड़ी में आयोग का यह पहला दौरा होगा।

ऐसा समझा जाता है कि आयोग उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा और पंजाब में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए जनवरी में तारीखों की घोषणा कर सकता है। बुधवार और बृहस्पतिवार को पंजाब का दौरा करने के बाद आयोग का दल अगले सप्ताह गोवा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश तथा मणिपुर का दौरा करेगा।अधिकारियों के मुताबिक लखनऊ में चुनाव आयोग की फुल बेंच मीटिंग होनी है। उम्मीद है कि जनवरी के पहले या दूसरे सप्ताह में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया जाएगा।

यूपी में किसान नेता लड़ेंगे चुनाव?
अब तक किसान नेताओं ने ऐसी कोई बात नहीं कही है जिससे पता चले कि वे चुनाव में उतर सकते हैं। एबीपी सी वोटर ने इस बारे में भी सर्वे किया कि अगर किसान नेता चुनाव में उतरे तो किसका नुकसान होगा। इस सर्वे में लोगों से पूछा गया कि किसान नेताओं के चुनावी मैदान में उतरने से किसका फायदा होगा? 55 फीसदी लोगों ने भाजपा का नाम लिया औऱ 45 फीसदी ने विपक्ष का।

Live Updates
21:03 (IST) 15 Dec 2021
यूपी के लिए आप की घोषणा

आम आदमी पार्टी ने बुधवार को घोषणा की है कि अगर वो यूपी की सत्ता में आती है तो नौजवानों को हर साल 10 लाख नौकरियां और बेरोजगारों को 5 हजार रुपये का मासिक भत्ता देगी।

19:32 (IST) 15 Dec 2021
जौनपुर पहुंचे अखिलेश

अपनी समाजवादी विजय यात्रा के तहत बुधवार शाम को सपा प्रमुख अखिलेश यादव जौनपुर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां बदलाव की लहर चल रही है, उत्तर प्रदेश में परिवर्तन होकर रहेगा।

18:27 (IST) 15 Dec 2021
हरभजन से मिले सिद्धू

हरभजन सिंह की राजनीति में एंट्री के अटकलों के बीच नवजोत सिंह सिद्धू ने हरभजन के साथ एक फोटो ट्वीट करके सियासी गलियारों में हलचल मची दी है।

18:09 (IST) 15 Dec 2021
केजरीवाल की बड़ी घोषणा

आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने वादा किया है कि अगर उनकी पार्टी पंजाब में सत्ता में आती है तो जालंधर में भारत का सबसे बड़ा खेल विश्वविद्यालय और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाया जाएगा।

17:28 (IST) 15 Dec 2021
बीजेपी का संकल्प अभियान लॉन्च

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बीजेपी का संकल्प अभियान लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प व्यक्ति के लिए नहीं, लोक कल्याण के लिए और राष्ट्र कल्याण के लिए है।

17:11 (IST) 15 Dec 2021
पंजाब पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त

अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा पंजाब पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय निर्वाचन आयोग की एक उच्च स्तरीय टीम भी है। जिसमें चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त श्री अनूप चंद्र पांडे शामिल हैं। आयोग की टीम में तीन उप चुनाव आयुक्त, चंद्र भूषण कुमार, नितेश व्यास और टी श्रीकांत के अलावा महानिदेशक शेफाली बी शरण भी शामिल हैं।

16:55 (IST) 15 Dec 2021
अजय मिश्रा टेनी के वीडियो पर कांग्रेस हमलावर

पत्रकारों के साथ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी की बदसलूकी पर कांग्रेस ने उनके इस्तीफे की मांग की है। यूपी कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा- “गृहमंत्री जी, अपनी दृष्टिहीन दूरबीन थोड़ी देर परे रखकर देखिए कि दिल्ली से यूपी तक आप ही के डिप्टी कैसी गुंडई कर रहे हैं! क्या अब भी आप इन्हें नहीं हटाएंगे?

यहां देखें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री का वीडियो…

15:35 (IST) 15 Dec 2021
अयोध्या पहुंचे असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा

असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा भी बुधवार को रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि रामलला के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। मैं भाग्यशाली महसूस करता हूं… हिंदू कोई एजेंडा नहीं है, यह हमारा जीवन है। तो, एजेंडा कहां है? हम हिंदू हैं।

15:11 (IST) 15 Dec 2021
उत्तर प्रदेश चुनाव : काशी विश्वनाथ गलियारा को लेकर बंटी राय

वाराणसी में नवनिर्मित काशी विश्वनाथ गलियारा को जहां कुछ लोग भारत की आध्यात्मिक चेतना के पुनरुत्थान के प्रतीक के रूप में देखे रहे हैं, वहीं कुछ अन्य लोगों के अनुसार 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी को ‘‘राजनीतिक बढ़त’’ दिलाने के लिए इस परियोजना का इस्तेमाल किया जा रहा है। धानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 339 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना ‘श्री काशी विश्वनाथ धाम’ के पहले चरण को सोमवार को लोगों को समर्पित किया। यह परियोजना श्रद्धालुओं को कई सुविधाएं प्रदान करने के अलावा मंदिर परिसर को गंगा नदी से जोड़ती है।

14:30 (IST) 15 Dec 2021
सौभाग्य है कि रामलला की जन्मभूमि के अब फिर से दर्शन होंगे: शिवराज सिंह चौहान

अयोध्या पहुंचने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “सौभाग्य है कि रामलला की जन्मभूमि के अब फिर से दर्शन होंगे। राम मंदिर निर्माण के बाद पहली बार यहां आने का अवसर प्राप्त हुआ। सब सुखी, निरोग रहे और सबका मंगल हो।”

13:41 (IST) 15 Dec 2021
रामलला के दर्शन करने पहुंचे सीएम और डिप्टी सीएम

अयोध्या में बुधवार दोपहर भाजपा शासित सभी मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन करने और राम जन्मभूमि पर पूजा-अर्चना करने पहुंचे। हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान, मणिपुर के सीएम एन. बीरेन सिंह और अरुणाचल प्रदेश के सीएम पेमा खांडू सबसे पहले अयोध्या पहुंचे।

13:19 (IST) 15 Dec 2021
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी पहुंचे अयोध्या

वाराणसी में काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के बाद भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री अयोध्या में रामलला के दरबार में हाजिरी दे रहे हैं। इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी अयोध्या पहुंच गए हैं।

12:16 (IST) 15 Dec 2021
निर्वाचन आयोग का दल आज करेगा पंजाब का दौरा, अगले सप्ताह लखनऊ जाएगी टीम

निर्वाचन आयोग का एक दल चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए बुधवार को पंजाब का दौरा करेगा। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने की कड़ी में आयोग का यह पहला दौरा होगा।

11:46 (IST) 15 Dec 2021
केजरीवाल ने उत्तराखंड में महिलाओं को 1000 रुपये का भत्ता देने का वादा किया

'पैसे की ताकत' को अहमियत देते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को वादा किया कि अगर आम आदमी पार्टी (आप) 2022 में सत्ता में आती है तो वह उत्तराखंड में 18 साल से ऊपर की सभी महिलाओं को 1000 रुपये मासिक भत्ता देगी। उन्होंने कहा कि पैसे में बडी ताकत होती है लेकिन महिलाएं अपने पिता, पति और पुत्र पर ही पैसों के लिए निर्भर रहती हैं इसलिए आप के सत्ता में आने पर 18 साल से उपर की हर महिला के खाते में हजार—हजार रूपये डाले जाएंगे । उन्होंने कहा, ‘‘ पैसे में बडी ताकत होती है । जेब में अगर पैसा हो तो आजादी रहती है । बाहर जाओ तो गोलगप्पे खा लो, एक सूट खरीद लो।’’

11:14 (IST) 15 Dec 2021
पंजाब चुनाव: अकाली दल ने फसल नुकसान पर 50,000 रुपये के मुआवजे का वादा किया

शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने मंगलवार को वादा कि पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में अगर शिअद-बसपा गठबंधन की सरकार बनी तो फसल बर्बाद होने पर प्रति एकड़ 50,000 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाली और सभी धार्मिक स्थलों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने का भी वादा किया।

10:29 (IST) 15 Dec 2021
सरकार बनाना उद्देश्य है, महज कांग्रेस को हराना नहीं : अमरिंदर

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का मिशन राज्य में अगली सरकार बनाना है और महज सत्तारूढ़ कांग्रेस को हराना नहीं है। सिंह ने यहां पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की एक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि वह पूरे राज्य से मिल रही प्रतिक्रिया से अभिभूत हैं। उन्होंने दावा किया कि बहुत जल्द सभी तीन बड़े दलों -कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और शिरोमणि अकाली दल-के कई मौजूदा एवं पूर्व विधायक उनकी पार्टी में शामिल होंगे। पंजाब विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरूआत में होना है।

10:02 (IST) 15 Dec 2021
घोषणापत्र में लोगों के सुझाव शामिल करने को पंजाब कांग्रेस ने शुरू किया अभियान

कांग्रेस की पंजाब इकाई ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र तैयार करने के वास्ते राज्य के लोगों से सुझाव लेने का अभियान मंगलवार को शुरू किया। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र का मसौदा 15 दिनों में पूरा हो जाएगा। पंजाब विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं। बाजवा ने कहा कि कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला जैसे क्षेत्रों पर जोर देते हुए घोषणापत्र में केवल वही वादे किए जाएंगे, जो लागू होंगे।

09:25 (IST) 15 Dec 2021
चुनौती हरीश रावत ने बेरोजगारी के मुददे पर भाजपा को खुली बहस की दी चुनौती

उत्तराखंड में अगले साल की शुरूआत में निर्धारित विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस की प्रदेश चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार बताया और उसे बेरोजगारी के मुददे पर खुली बहस की मंगलवार को चुनौती दी। कांग्रेस महासचिव रावत ने देहरादून में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वर्तमान में राज्य में नौ लाख बेरोजगार युवा हैं जबकि राज्य सरकार बेरोजगारी से निपटने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में कई प्रकार के दावे कर रही है।

08:58 (IST) 15 Dec 2021
काशी के बाद अयोध्या पहुंचेंगे 11 मुख्यमंत्री

काशी में जमावड़े के बाद अब आज अयोध्या में एनडीए के 11 मुख्यमंत्री पहुंचेंगे। दोपहर लगभग 2 बजे ये सभी रामलला के दर्शन करेंगे। उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री भी यहां पहुंचेंगे।

08:57 (IST) 15 Dec 2021
विधानसभा चुनाव घोषणापत्र में लोगों के सुझाव शामिल करने को पंजाब कांग्रेस ने अभियान शुरू किया

कांग्रेस की पंजाब इकाई ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र तैयार करने के वास्ते राज्य के लोगों से सुझाव लेने का अभियान मंगलवार को शुरू किया। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और घोषणापत्र समिति के अध्यक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र का मसौदा 15 दिनों में पूरा हो जाएगा। पंजाब विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं। बाजवा ने कहा कि कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला जैसे क्षेत्रों पर जोर देते हुए घोषणापत्र में केवल वही वादे किए जाएंगे, जो लागू होंगे।