मध्य प्रदेश के राजगढ़ में आयोजित अत्योदय मेले में दिव्यांगों को केंद्रीय सामाजिक न्याय मंत्री थावरचंद गहलौत ट्राई साइकिल बांटने पहुंचे थे। इस दौरान एक दिव्यांग उनके पैरों पर गिर पड़ा और साइकिल मांगने लगा। आरोप है कि केंद्रीय मंत्री ने उसे फटकार लगाते हुए कहा कि-पांव पकड़ने से थोड़ी साइकिल मिल जाएगी। इसके लिए पहले आवेदन करना होगा।

जिला मुख्यालय पर आयोजित दिव्यांग और अंत्योदय मेले में 529 दिव्यांगों को 52 लाख रुपये और ट्राई साइकिल वितरित की गई। इसमें से 39 करोड़ की धनराशि का वितरण मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री थावरचंद गहलौत ने किया। आयोजन में अव्यवस्था दिखी। दिव्यांगों के मंच तक पहुंचे के लिए रैंप की व्यवस्था नहीं थी। वहीं केंद्रीय मंत्री भी देरी से पहुंचे।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक शाम चार बजे तक चेक और ट्राई साइकिल पाने का दिव्यांग इंतजार करते रहे। कुछ दिव्यांगों ने मंत्री को फरियाद सुनानी चाही तो अफसरो और पुलिस के जवानों ने उन्हें पहुंचने नहीं दिया।

आरोप है कि केंद्रीय मंत्री के मेले से जाते ही तमाम जिम्मेदार अफसर दिव्यांगों की परेशानियों से पल्ला झाड़कर चले गए। जब कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने आयोजनस्थल पर दिव्यांगों को परेशान देखा तो उन्होंने अफसरों को लापरवाही पर जमकर फटकार लगाई।उधर संबोधन के दौरान केंद्रीय मंत्री गहलौत ने कहा कि दिव्यांगों को उपकरण बांटने में मंत्रालय ने पांच गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं।

[jwplayer 7eKD4vn6]