West Bengal News: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के निश्चिंतपुर इलाके में एक बच्चे का शव मिलने के बाद शनिवार सुबह इलाके में तनाव पैदा हो गया। जिसके बाद भीड़ ने बच्चे की मौत में शामिल होने के आरोप में दो स्थानीय लोगों पर हमला किया। जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भीड़ ने बच्चे के परिवार के दो पड़ोसियों की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया और उन पर बच्चे की हत्या का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि लड़का शुक्रवार दोपहर से लापता था और आज सुबह उसका शव पास के एक जलाशय में मिला।
यह भी पढ़ें- भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल को ब्रेन स्ट्रोक, अस्पताल में भर्ती
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि लड़के का शव एक तिरपाल में लिपटा हुआ था। मृतक बच्चे के परिवार वालों ने बच्चे की हत्या का आरोप एक स्थानीय व्यक्ति पर लगाया है। लड़के के परिजन समेत भीड़ ने आरोपी के घर पर धावा बोल दिया, तोड़फोड़ की और दो लोगों पर हमला किया।
उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए इलाके में पुलिस की कई टीम तैनात की गई हैं। उन्होंने बताया कि इलाके के कई निवासियों पर हिंसक हमले में शामिल होने का आरोप है। उन्होंने कहा कि ‘फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। हमने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- ममता बनर्जी की टिप्पणी के खिलाफ कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंचा आर्मी का पूर्व जवान
(भाषा)