ओबरा क्षेत्र में गुरुवार को खनन के लिये रखे विस्फोटक पदार्थों में अज्ञात कारणों से हुए धमाके में सात लोगों की मौत हो गयी तथा आठ अन्य गम्भीर रूप से घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि ओबरा थाना क्षेत्र के रासपहरी खनन क्षेत्र में एक खदान परिसर में स्थित कमरे में खनन में इस्तेमाल किये जाने वाली जिलेटिन छड़ें तथा अन्य विस्फोटक रखे थे। दोपहर करीब दो बजे उनमें अज्ञात कारण से विस्फोट हो गया।
उन्होंने बताया कि मलबे में तलाश के दौरान अब तक सात शव निकाले जा चुके हैं। मलबे में अभी कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका के मद्देनजर तलाश का काम जारी है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में आठ अन्य लोग घायल हो गये, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो की हालत गंभीर बतायी गयी है।
पुलिस के अनुसार मृतकों में सूरत लाल (23), रामायण सिंह (25), जीत सिंह (36), विनोद (22) छोटू (20) और दो अज्ञात हैं।