भाजपा ने कहा कि ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस की सरकार में पश्चिम बंगाल के लोगों को नौकरियां और विकास मिलने के बजाए उन्हें ‘‘लूटा’’ जा रहा है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एम. जे. अकबर ने आरोप लगाया कि सारदा घोटाले में सारे साक्ष्य टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी के सहयोगियों की तरफ से ही आ रहे हैं।
अकबर ने सारदा घोटाले के खिलाफ भाजपा की कोलकाता में हुई रैली के इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘बंगाल के लोग नौकरी चाहते हैं। इसके बजाए उन्हें लूटा जा रहा है। बंगाल प्रगति चाहता है। इसके बजाए डकैती हो रही है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘बंगाल में पिछले 35 वर्षों से जो सरकार थी उसने ‘लाल सलाम’ किया। आज ऐसी सरकार है जो ‘सारदा सलाम’, ‘घोटाला सलाम’ करती है। यह बंगाल के लोगों का अपमान है।’’
ममता बनर्जी के इन आरोपों पर कि सीबीआई नरेन्द्र मोदी के इशारे पर काम कर रही है, अकबर ने इन्हें ‘‘बहाने’’ बताया जो ‘‘हंसी योग्य’’ हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘जो भी साक्ष्य आ रहे हैं वह ममता बनर्जी के सहयोगियों की तरफ से आ रहे हैं।’’सारदा घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने इस सिलसिले में अभी तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।
