मध्‍य प्रदेश के कान्हा टाइगर रिजर्व में बाघ के एक बच्‍चे की मौत हो गई है। आठ माह के इस शावक का शव अधिकारियों को 16 नवंबर की शाम को मिला। कान्हा टाइगर रिजर्व के उप निदेशक ओपी तिवारी ने बताया, ‘‘हमें एक नर शावक मृत अवस्था में मिला था। वह अपनी मां के साथ था, जब एक वयस्क बाघ ने हमला कर उसे मार दिया।’’

तिवारी के मुताबिक बाघ ने शावक पर हमला इसलिए किया क्‍योंकि वह उसकी मां के साथ संबंध बनाना चाहता था। उन्‍होंने कहा, ‘‘जब तक बाघिन अपने शावक का पालन-पोषण करती है, तब तक वह संसर्ग के लिए तैयार नहीं होती है। इसलिए बाघ ने उसके शावक को मार दिया।’’

तिवारी ने बताया कि आम तौर पर नवंबर से जनवरी बाघों के संसर्ग का समय होता है। उन्होंने कहा कि बाघिन ने अपने शावक को हमलावर बाघ से बचाने का प्रयास भी किया, जिससे उसे भी कुछ चोटें आई हैं। हालांकि, दोनों सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि शावक के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार कर दिया गया है।