Twitter Ban Jack Dorsey: ट्विटर के पूर्व सीईओ जैक डोर्सी ने मोदी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। जैक डोर्सी ने कहा कि कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान सरकार ने कई ट्विटर हैंडल्स को ब्लॉक करने के लिए कहा था। साथ ही उन्होंने कहा कि ऐसा न करने पर कर्मचारियों को गिरफ्तार करने की धमकी भी दी गई थी। वहीं जैक डोर्सी के दावे पर केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक एवं तकनीक राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि वह झूठ बोल रहे हैं।

भारत में हमें धमकी मिली: जैक डोर्सी

जैक डोर्सी से एक इंटरव्यू के दौरान पूछा गया कि दुनियाभर के ताक़तवर लोग आपके पास आते हैं और कई तरह की मांगें करते हैं। इस हालात से आप कैसे निकलते हैं?” जवाब में जैक ने कहा, “भारत एक ऐसा देश है, जहां से किसान आंदोलन के दौरान हमारे पास बहुत सी मांगें आ रहीं थीं। कुछ ख़ास पत्रकार सरकार के आलोचक थे। उनके बारे में एक तरह से हमसे कहा गया कि हम भारत में ट्विटर को बंद कर देंगे। अगर आप हमारी बात नहीं मानते हैं तो आपके कर्मचारियों के घरों पर छापे मार देंगे और हम आपके आफ़िस बंद कर देंगे। ये भारत में हो रहा था, जो लोकतांत्रिक देश है।”

जैक झूठ बोल रहे हैं: राजीव चंद्रशेखर

जैक डोर्सी के आरोपों पर राजीव चंद्रशेखर ने ट्वीट कर जवाब दिया। केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रश्केहर ने कहा कि ये ट्विटर के इतिहास के एक संदिग्ध दौर को साफ करने का प्रयास है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, “ट्विटर ने ऐसा व्यवहार किया जैसे कि भारतीय कानून उनपर लागू नहीं होते। भारत एक सार्वभौमिक राष्ट्र है और उसे अधिकार है कि ये सुनिश्चित करने का कि भारत में काम कर रही सभी कंपनियां भारतीय कानूनों का पालन करें।”

जनवरी 2021 में हुए किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि चूंकि बहुत सारी गलत सूचनाएं थीं इसलिए भारत सरकार ऐसी सूचनाओं को प्लेटफॉर्म से हटाने के लिए बाध्य थी। उन्होंने कहा, “जनवरी 2021 में विरोध प्रदर्शन के दौरान, बहुत सारी गलत सूचनाएँ थीं और यहां तक कि नरसंहार की रिपोर्टें भी थीं जो निश्चित रूप से फर्जी थीं।”

राजीव चंद्रशेखर ने आगे लिखा, “भारत सरकार प्लेटफॉर्म से गलत सूचनाओं को हटाने के लिए बाध्य थी क्योंकि इसमें फर्जी समाचारों के आधार पर स्थिति को और भड़काने की क्षमता थी। जैक के शासन के दौरान ट्विटर पर पक्षपातपूर्ण व्यवहार होता था और भारत में प्लेटफार्म से गलत सूचना को हटाने में समस्या थी। लेकिन जैक ने अमेरिका में इसी तरह की घटनाओं के होने पर तुरंत हटाया था।”