असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘गणेश’ टिप्पणी को लेकर आज प्रहार किया और कहा कि वह विज्ञान पर मिथक को तरजीह दे रहे हैं।
गोगोई ने ट्विट किया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं कि हाथी के सिर वाले हिंदुओं के भगवान गणेश की प्लास्टिक सर्जरी हुई थी। क्या यह विज्ञान पर मिथक को तरजीह देना नहीं है।’’
गोगोई ने माइक्रोब्लॉगिंग साइट पर लिखा है, ‘‘दूसरी तरफ प्रधानमंत्री मोदी सफल मंगल अभियान के लिए हमारे वैज्ञानिकों की प्रशंसा करते हैं।’’
‘हिंदुत्व’ के मुद्दे पर भाजपा पर हमला तेज करते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि लोगों से छल करने के लिए भगवा दल के दो चेहरे हैं।’’
गोगोई ने कहा, ‘‘मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने केंद्रीय विद्यालयों में विदेशी भाषा जर्मन पर प्रतिबंध लगा दिया।’’
उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा धर्मनिरपेक्षता, एकता और सभी समुदायों में सौहार्दता की बात करती है। साथ ही इसके कुछ नेता हिंदुत्व के एजेंडे को आक्रामक रूप से बढ़ाते हैं।’’
गोगोई ने पूछा, ‘‘क्या यह भाजपा के दो चेहरे नहीं दिखाती? क्या इस तरह के अलग-अलग विचारों से देश 21वीं सदी में बढ़ेगा? क्या यह लोगों से छल करने की सोची-समझी रणनीति है?’’