विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने इंडोनेशिया में मौजूद भारतीय सेना को निर्देश दिया है कि वह पाकिस्तानी मूल की महिला को उसके पति के भारत में लिवर ट्रांसप्लांट के लिए वीजा प्रदान करें। पाक मूल की महिला ने सोशल साइट टि्वटर के जरिए सुषमा से वीजा की अपील की थी। शफीका बानो नाम की इस महिला ने सोमवार को ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी। इस पर सुषमा स्वराज ने बुधवार को जवाब दिया, ”शफीका जी कृपया भारतीय दूतावास से संपर्क कीजिए। मैंने उन्हें आपके पति के चेन्नई में लीवर ट्रांसप्लांट के लिए वीजा जारी करने को कह दिया है।” बताया जाता है कि सुषमा ने अपने अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए शफीका की वीजा रिक्वेस्ट को पास किया। उन्होंने इस मामले में गृह मंत्रालय को रैफर नहीं किया। सुरक्षा कारणों के चलते पाकिस्तानियों की वीजा क्लीयरेंस के लिए गृह मंत्रालय की अनुमति आवश्यक होती है। अगर व्यक्ति किसी तीसरे देश से भारत का वीजा मांगता है तो जांच और कड़ी होती है।
Speed News: जानिए दिन भर की पांच बड़ी खबरें, देखें वीडियो:
सुषमा स्वराज के कदम की शफीका बानो ने ट्वीट के जरिए तारीफ की। उन्होंने लिखा, ”धन्यवाद सुषमा जी। आप बेस्ट हैं। आपकी मदद की प्रशंसा करती हूं।” गौरतलब है कि इसी महीने की शुरुआत में सुषमा ने चंडीगढ़ आई हुईं पाकिस्तानी लड़कियों के एक ग्रुप की मदद की थी। उन्होंने उन लड़कियों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया था। साथ ही उनके वापस लौटने के सफर की जानकारी भी ली थी। सुषमा ने ट्वीट में लिखा था, ”बेटियां सबकी सांझी होती हैं।” उनका बयान भारत की सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान के साथ रिश्तों में आई तल्खी के बीच आया था। इससे पहले भी सुषमा स्वराज ने कई लोगों की टि्वटर के जरिए मदद की थी।

