नाइजीरिया में समुद्री लुटेरों ने 5 भारतीय नाविको को अगवा कर लिया है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मंगलवार (7 मई 2019) को इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने नाइजीरिया में भारतीय उच्चायुक्त अभय ठाकुर को नाविकों की जल्द से जल्द रिहाई के निर्देश दिए हैं।
सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर कहा ‘मैंने नाइजीरिया में भारतीय नाविकों के अगवा होने की खबरें देखी हैं। जिसके बाद मैंने नाइजीरिया में भारतीय उच्चायुक्त को वहां की सरकार के साथ संपर्क कर नाविकों की रिहाई के लिए कहा है।’
इसके साथ ही विदेश मंत्री ने भारतीय उच्चायुक्त से इस पूरे मामले पर रिपोर्ट देने के लिए भी कहा है। मीडिया में जारी रिपोर्ट्स के मुताबिक, नाविक पिछले 2 हफ्ते से घर नहीं पहुंचे हैं। उनके परिवार का कहना है कि उनसे संपर्क भी नहीं हो पा रहा। अगव नाविक सुधीर कुमार चौधरी की पत्नी भाग्यश्री दास ने विदेश मंत्री से अपील करते हुए कहा कि उनके पति का MT APECUS (IMO 733810) जहाज से अपहरण कर लिया गया।
बता दें कि नाविकों के अपहरण की खबर पिछले महीने आई थी। रिपोर्टस में बताया गया कि उनके जहाज को नाइजीरिया के बोनी में अगवा कर लिया गया था। वहीं भारतीय उच्चायुक्त ने कहा था कि बीते 10 दिनों से हमारे अधिकारी नाइजीरियाई नेवी और पुलिस के संपर्क में है। हालांकि उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अपहरणकर्ताओं ने उनसे अबतक एकबार संपर्क साधने की कोशिश की है।

