केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज ने मंगलवार (20 नवंबर, 2018) को घोषणा की है कि वह अब और चुनाव नहीं लड़ेंगी। उनके इस फैसले पर उनके पति स्वराज कौशल ने ‘थैंक्यू’ लिखकर ​ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि यहां तक कि मिल्खा सिंह ने भी दौड़ना बंद कर दिया था। वरिष्ठ भाजपा नेता और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने मध्य प्रदेश में एक प्रेसवार्ता के दौरान अगले साल के चुनाव न लड़ने का ऐलान किया था। सुषमा स्वराज, वर्तमान में राज्य विधानसभा चुनावों के लिए प्रचार कर रही हैं। 66 वर्षीय सुषमा स्वराज ने इंदौर में कहा,”ये पार्टी ही है जो तय करती है, लेकिन मैंने अपना मन बना लिया है कि मैं अगला चुनाव नहीं लड़ूंगी। ये बात उन्होंने रिपोर्टरों के द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में कही। उनसे पूछा गया था कि वह कुछ समय से चुनाव प्रचार में सक्रिय क्यों नहीं हैं?

इसके कुछ ही वक्त के बाद, उनके पति स्वराज कौशल ने ट्वीट पर अपना जवाब दिया। उन्होंने लिखा,” मैडम, अब और चुनाव न लड़ने के आपके फैसले के लिए बहुत-बहुत धन्‍यवाद। मुझे याद है कि एक वक्त आया था जब मिल्खा सिंह ने भी दौड़ना बंद कर दिया था।” उन्होंने आगे लिखा,”ये मैराथन सन 1977 में शुरू हुई थी। तब से 41 साल हो चुके है। आपने 11 सीधे चुनाव लड़े हैं। आपने साल 1977 से अब तक होने वाले सारे चुनाव लड़े हैं। सिर्फ दो चुनावों साल 1991 और 2004 को छोड़ दिया जाए क्यों​कि तब पार्टी ने आपको चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी थी। मैं भी पिछले 47 सालों से आपके पीछे दौड़ रहा हूं। मैं भी अब 19 साल का नहीं हूं। प्लीज। मेरी भी सांस फूल रही है। धन्यवाद।”

बता दें कि सुषमा स्वराज इस वक्त मध्य प्रदेश की विदिशा लोकसभा सीट से सांसद हैं। सुषमा स्वराज को करीब से जानने वाले बताते हैं कि उन्हें अब इंफेक्शन से बचने की जरूरत है और वह अपनी खराब सेहत के कारण हर सुरक्षात्मक उपाय अपना रही हैं। वह 11 चुनाव लड़ चुकी हैं। उनके इस फैसले के पीछे कोई भी राजनीतिक कारण नहीं तलाशा जाना चाहिए।

बता दें स्वराज कौशल, मिजोरम के पूर्व गर्वनर हैं। वह ​सोशल मीडिया पर अपने मजाकिया ट्वीट के लिए भी पहचाने जाते हैं। स्वराज कौशल ने कई बार सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी का पुरजोर समर्थन किया है। बीते जून में, वह उन लोगों पर खासे नाराज हो गए थे जिन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को ट्रोल किया था। दरअसल विदेश मंत्री ने पासपोर्ट आॅफिस के कर्मचारी को दंडित किया था जब उसने कथित तौर पर दूसरे धर्म में शादी करने वाले जोड़े को ​कथित तौर पर लज्जित किया था।