समाजवादी पार्टी के नेता और उत्तर प्रदेश के कैराना से विधायक नाहिद हसन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रविवार को शामली की एक स्थानीय अदालत ने उन्हें फरार घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस के पास उनकी संपत्ति कुर्क करने का रास्ता साफ हो चुका है। पुलिस के मुताबिक, समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक 12 मामलों में नामजद हैं और गिरफ्तारी से लगातार बच रहे हैं। उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और जबरन वसूली के मामले दर्ज हैं।

शामली जिले के एसपी अजय कुमार ने बताया, “आज शामली में एक सार्वजनिक घोषणा की गई, जिसमें लोगों को नाहिद हसन की वर्तमान फरारी स्थिति के बारे में बताया गया। उनके खिलाफ आठ मामले शामली में दर्ज किए गए हैं, जबकि चार सहारनपुर में दर्ज हैं। नाहिद हसन पर समाज के कमजोर वर्गों के लोगों को धमकी देने का आरोप है। कई लोग शिकायतें लेकर आगे आए हैं। उसके स्थान का पता लगाने के लिए कई टीमें काम कर रही हैं। हम उनकी संपत्तियों को कुर्क करना चाह रहे हैं।”

गौरतलब है कि हसन एक प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से हैं। उनकी मां तबस्सुम हसन ने दो बार कैराना लोकसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया है और उनके पिता मुनव्वर हसन संसद के दोनों सदनों और विधानसभा के सदस्य भी रहे हैं।

गौरतलब है कि 9 सितंबर को भी विधायक प्रशासन के साथ उलझकर विवादों में आ गए। उस दौरान उनकी गाड़ी के कागजात दिखाने के निर्देश पर उन्होंने सीओ और एसडीएम कैराना से अभद्रता की थी। नाहिद हसन का एक वीडियो भी वायरल हुआ था। वीडिये के सामने आने के बाद कैराना कोलतवाली में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने समेत कई मामलों में मुकदमा दर्ज हुआ था।