बीजेपी के वरिष्ठ नेता बृजपाल तेवतिया पर अज्ञात बंदूकधारियों ने मुरादनगर थाना क्षेत्र में रावली मार्ग पर हमला किया, जिसमें तेवतिया सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मेरठ जोन के आईजी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

मेरठ जोन के आईजी सुरजीत पांडे ने बताया कि एक कार में सवार अज्ञात बदमाशों ने शाम करीब सात बजकर 20 मिनट पर बृजपाल तेवतिया और अन्य लोगों पर गोलियां चलाईं, जिसमें तेवतिया सहित छह लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे फरार होने में कामयाब रहें। बताया जा रहा है कि तेवतिया पर AK-47 से करीब 100 राउंड गोली चलाई गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। तेवतिया और पांच अन्य घायलों को गाजियाबाद के सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने तेवतिया को नोएडा स्थित फोर्टिस अस्पताल भेज दिया है। बृजपाल की स्थिति भी काफी क्रिटिकल बताई जा रही है।


तेवतिया और उनके गार्ड फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं। केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा उन्हें देखने अस्पताल पहुंचे। मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र से साल 2012 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके तेवतिया आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर गाजियाबाद आ रहे थे।

https://youtu.be/uo_o5GlukSI