बॉलीवुड के मशहूर सितारे सलमान खान को लग्जरी लाइफ जीने की आदत रही है। लेकिन अब जोधपुर सेंट्रल जेल में यह आदत उनपर भारी पड़ रही है। गुरुवार (05-04-2018) की रात सलमान खान ने जेल में गुजारी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जेल की पहली रात सलमान खान पर बहुत भारी पड़ी। सिने स्टार सलमान खान सारी रात सो नहीं सके। उन्होंने जेल प्रशासन से नींद नहीं आने की शिकायत की। रात में सलमान खान ने ब्लड प्रेशर की दवा भी ली। खबर है कि सलमान खान ने जेल में पहली रात खाना नहीं खाया। आपको बता दें कि जेल के मेन्यू में दाल, रोटी और एक तरह की सब्जी दी जाती है। लेकिन सलमान खान ने खाना खाने से इनकार कर दिया। हालांकि सलमान के साथ साये की तरह रहने वाले उनके बॉडीगार्ड शेरा सलमान के लिए घर से कुछ नाश्ता लाए थे लेकिन जेल प्रशासन ने जेल में यह नाश्ता पहुंचाने की अनुमति नहीं दी।सलमान खान को जेल में चाय, ग्लूकोज और बिस्कुट दिया गया। शुक्रवार (06-04-2018) को भी सलमान खान को जमानत नहीं मिल पाई है। यानी शुक्रवार की रात भी सलमान खान जेल में ही रहेंगे। सलमान खान की जमानत पर सुनवाई कल तक के लिए टल गई है।
अभिनेता सलमान खान जोधपुर के कांकण गांव में काला हिरण के शिकार को लेकर दोषी पाए गए हैं। गुरुवार को ही जोधपुर की अदालत ने सलमान खान को इस मामले में दोषी मानते हुए उन्हें पांच साल जेल की सजा सुनाई है। इस मामले में सलमान खान पर 10000 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। अदालत से सजा मिलने के बाद सलमान खान को जेल ले जाया गया था। सलमान जेल में कैदी नंबर 104 हैं और जेल के बैरक नंबर 2 में उन्हें रखा गया है।
आपको बता दें कि यह मामला करीब 20 साल पुराना है। वर्ष 1998 में सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की जोधपुर में शूटिंग चल रही थी। तब फिल्म के स्टार कास्ट सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्र और सलमान खान पर आरोप लगा था कि इन सभी ने मिलकर कांकण गांव में काले हिरण का शिकार किया है। काले हिरण का शिकार भारत में अवैध है। यह मामला करीब 20 साल तक अदालत में चला। जिसपर अब फैसला सुनाते हुए कोर्ट ने सैफ अली खान, तब्बू और सोनाली बेंद्रे को रिहा कर दिया जबकि सलमान खान को शिकार का दोषी पाया।

