आज देश का 75वां गणतंत्र दिवस है। कर्तव्य पथ पर देश की सेना ने जहां एक तरफ जोश दिखाया तो दूसरी तरफ अलग-अलग राज्यों की झांकियां भी पेश हुई। इस बार की गणतंत्र दिवस परेड में काफी कुछ नया था। हम इस आर्टिकल में आपको इसकी जानकारी देंगे। आज जब भारत की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों कर्तव्य पथ पर पहुंचे तो उनका स्वागत प्रधानमंत्री मोदी ने किया। देश का झंडा फहराए जाने के बाद राष्ट्रगान हुआ और परेड शुरू हुई।

क्या नया है इस बार?

देश के 75वें गणतंत्र दिवस परेड में इस बार कई नई टुकड़ियां शामिल हुई हैं। यहां काफी कुछ नया दिखाई दिया है। इसकी जानकारी हम आपको यहां दे रहे हैं।

  1. 1. गणतंत्र दिवस के समारोहों की थीम इस बार “विकसित भारत और भारत-लोकतंत्र की मातृका” रखा गया है। जिसका उद्देश्य लोकतंत्र के मजबूत करने से जुड़ा है।

2. इस बार मुख्य अतिथि के रूप में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों भारत के मेहमान हैं। उनकी यात्रा राजस्थान की राजधानी जयपुर के प्रमुख स्थलों के दौरे से शुरू हुई। उनका भारत आना भारत और फ्रांस के बीच मजबूत राजनयिक संबंधों को रेखांकित करता है।

3. इस साल के गणतंत्र दिवस परेड का एक महत्वपूर्ण आकर्षण महिलाओं की भागीदारी है। सैन्य पुलिस और अन्य सेवाओं की महिला टुकड़ियां भी इस बार परेड में शामिल रहीं।

4. दिल्ली पुलिस के महिला बैंड ने पहली बार परेड में भाग लिया। इसका नेतृत्व बैंड मास्टर सब इंस्पेक्टर रुयांगुनुओ केन्से ने किया। परेड में भाग लेने वाले सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल के 15 विजेता भी शामिल थे। परेड में इंडियन नेवी का जो मार्चिंग दस्ता शामिल हुआ। इसमें पुरुष के साथ ही महिला अग्निवीर भी शामिल रहीं दस्ते में 144 अग्निवीर थे और 72 महिला अग्निवीर थी।

5. गणतंत्र दिवस परेड के दौरान छह भारतीय सैनिक भी फ्रांसीसी सैन्य दल के साथ मार्च में शामिल रहे। यह संयुक्त भागीदारी दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच सहयोग और सौहार्द पर जोर देती है।

6. संस्कृति मंत्रालय की ‘अनंत सूत्र’ प्रदर्शनी में विभिन्न भारतीय राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लगभग 1,900 साड़ियां और पर्दे प्रदर्शित किए गए। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय विभिन्न क्षेत्रों में ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’- AI की भूमिका पर प्रकाश डालने वाली एक झांकी प्रस्तुत की।

7. कर्तव्य पथ पर पहली बार बीएसएफ महिला ब्रास बैंड और सीमा सुरक्षा बल की महिला टुकड़ी ने नारी शक्ति की थीम के साथ मार्च किया।

8. कर्तव्य पथ पर पहली बार परेड की शुरुआत 100 से अधिक महिला कलाकारों द्वारा भारतीय संगीत वाद्ययंत्र बजाते हुए की गई। परेड की शुरुआत इन कलाकारों द्वारा बजाए गए शंख, नादस्वरम, नगाड़ा आदि संगीत के साथ हुई।

9. इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में 13,000 विशेष मेहमानों को परेड देखने के लिए आमंत्रित किया गया था। इसमें ऐसे लोग भी शामिल थे जिन्होंने आवास, कृषि, स्वच्छता और खेल जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

10. गणतंत्र दिवस समारोह में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड, लद्दाख आदि राज्यों की झांकियां पेश की गईं। हर राज्य की झांकी का एक थीम था।