पॉप सिंगर रिहाना द्वारा ट्विटर पर किसानों का समर्थन करने के बाद से मामला हर तरफ चर्चा का विषय बन गया है। रिहाना के अलावा एक्टिविस्ट ग्रेटा थनबर्ग ने भी किसानों के समर्थन में ट्वीट किया था। इन दोनों सेलिब्रिटी पर निशाना साधते हुए बॉलीवुड अभिनेता रणवीर शौरी ने एक गाना बनाया है। उनका यह गाना सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

रणवीर ने गुरुवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर इस क्लिप को शेयर किया था। इस वीडियो में रणवीर शौरी गिटार बाजा रहे हैं और गाना ग रहे हैं। ‘रिहाना तो बहाना, किसानों के कंधे से बंदूक चलाना है। ग्रेटा तो अनपढ़ है, मोदी को शर्मिंदा करके पप्पू को पीएम बनाना है।’

शौरी ने ट्वीट किया- ‘वाह! मेरा यह गाना वायरल हो गया। मुझे लगता है कि इसके राग की तुलना में चमक अधिक है’। अभिनेता ने शुक्रवार को हैशटैग को जोड़ते हुए लिखा, ‘इंडिया रिजेक्ट्स प्रोपेगैंडा’। दो बार नोबेल शांति पुरस्कार के लिए नामित हो चुकीं और 2019 में टाइम मैगजीन की ओर से पर्सन ऑफ द ईयर अवॉर्ड हासिल करने वालीं ग्रेटा को रणवीर शौरी ने अनपढ़ करार दिया है।

कुछ ऐसी ही टिप्पणी एक्ट्रेस कंगना रनौत ने भी ग्रेटा को लेकर की थी। यही नहीं रिहाना के ट्वीट पर कंगना ने रिएक्शन देते हुए उन्हें मूर्ख करार दिया था। इन दोनों के अलावा ग्रेटा थनबर्ग और रिहाना को विदेश मंत्रालय ने बिना किसी का नाम लिए आंतरिक मामलों से दूर रहने की नसीहत दी थी। इसके बाद फिल्म और क्रिकेट जगत की तमाम हस्तियों ने भारत की एकता वाले ट्वीट कर इनके ट्वीट को प्रोपेगैंडा बताया था। वहीं, कुछ भारतीय सिलेब्स ने इन इंटरनैशनल हस्तियों का समर्थन भी किया था।