साल 1986 में दूरदर्शन पर आने वाले सीरियल बुनियाद की पेमेंट के लिए अब तक इंतजार में मशहूर डायरेक्टर रमेश सिप्पी। जी हां अभी तक दूरदर्शन की तरफ से इस सीरियल की पेमेंट नहीं की गई है। आजादी के बाद के हालात दिखाते इस सीरियल में आलोक नाथ, अनीता कंवर, कंवलजीत सिंह जैसे कई बड़े कलाकार थे। 80 के दशक के मशहूर सीरियल को 1986 के बाद 6 बार दूरदर्शन पर दोबारा चलाया गया था। दूरदर्शन के बाद इस शो को प्राइवेट चैनल पर भी दिखाया गया। हाल ही में यह सीरियल दूरदर्शन पर दोबारा चलाया गया था। लेकिन आला अधिकारियों ने बताया कि इस शो के लिए अभी तक सिप्पी को एक भी पैसा नहीं दिया गया है।

डीडी के अधिकारियों ने बताया कि लेनदेल को लेकर कुछ कनफ्यूजन थी, इसलिए कुछ साल पहले सिप्पी के साथ एक बार फिर से बातचीत शुरू की गई है। लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला है। प्रसार भारती के सीईओ जवाहर सरकार ने बताया कि उन्होंने इस मामले में जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा, इस मामले में काफी कुछ है जो अभी सामने नहीं आया है। हम जानना चाहते हैं कि आखिर मामला क्यों फंसा हुआ है। जो भी हुआ है काफी दुर्भाग्यपूर्ण है।’

बताया गया था कि दूरदर्शन तक अपनी बात पहुंचाने के लिए सिप्पी को बहुत मेहनत करनी पड़ी थी। इस पर सरकार ने कहा कि उनके लिए 46 लाख रुपए अप्रूव हो चुके हैं। अब देखना है कि और कितनी रकम हम पर बाकी है। जांच में यह भी सामने आएगा कि आखिर यह सब कैसे हुआ। इस देरी की वजह क्या रही।


रमेश सिप्पी के डायरेक्शन में बने इस सीरियल को मनोहर जोशी ने लिखा था। उन्होंने ‘हम लोग’ सीरियल भी लिखा था।