बारिश ने देश में जोरदार दस्तक दे दी है। ये दस्तक ऐसी रही है कि इसने पूर्वोत्तर के राज्यों में बाढ़ वाली स्थिति पैदा कर दी है। इस समय असम में बाढ़ से हालात बेकाबू हो गए हैं। दूसरी तरफ हिमाचल प्रदेश के शिमला में बादल फटने की खबर आई है और लगातार तेज बारिश का दौर जारी है। इसी तरह मुंबई में भारी बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। वहां तो दो लोगों की मौत भी हो चुकी है।

हिमाचल में फटा बादल

रविवार को हिमाचल के शिमला में बादल फटने के बाद जमीन पर स्थिति काफी बिगड़ गई। भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया और जगह-जगह जलभराव की स्थिति देखने को मिली। बताया जा रहा है कि शिमला के सरपरा गांव में ये बादल फटा। जो वीडियो भी सामने आया है उसमें बादल फटने की वजह से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। वैसे बादल फटने से पहले से ही हिमाचल में तेज बारिश का दौर जारी है।

हिमाचल में कहने को ये पहली मॉनसून की बारिश हो रही है, लेकिन इसने ही कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शिमला में तो जिस तरह से शनिवार को लगातार पांच घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई, 15 साल का रिकॉर्ड टूट गया। मंडी में तो बारिश की वजह से दो लोगों की मौत की खबर भी आई। जगह-जगह मलबा गिरने से कई वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है।

मुंबई में बारिश से दो की मौत

वैसे इस बार मुंबई और दिल्ली में बारिश ने साथ में ही दस्तक दी है। ये मायने इसलिए रखता है क्योंकि 62 साल पहले ऐसा संजोग बना था जब दोनों जगह साथ में मॉनसून आया था। अब फिर ऐसा ही हुआ है, फर्क ये है कि मुंबई में पहली ही बारिश के बाद हालात खस्ता बन गए हैं। मुंबई के विले पार्ले इलाके में तेज बारिश की वजह से बिल्डिंग का एक हिस्सा गिर गया। उस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

खबरें आ रही हैं कि मुंबई की जगह जगहों पर नाले और नदियां उफान पर हैं और जलभराव की स्थिति भी पैदा हो गई है। अहमदनगर के पारनेर में स्थिति काफी खराब बताई जा रही है, इसी तरह तालुका में जाधववाड़ी क्षेत्र नदियां खतरे के निशान पर पहुंचने के कगार पर है।

उत्तराखंड में भी भारी बारिश

इस समय उत्तराखंड में भी लगातार बारिश का दौर जारी है। हरिद्वार और देहरादून में तो लोगों को सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक हरिद्वार में 78 मिमी और देहरादून में 33.2 मिमी बारिश हो चुकी है। उत्तरकाशी में भी बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले कुछ दिन बारिश जारी रह सकती है।

असम में आई बाढ़, लाखों लोग प्रभावित

असम में बाढ़ से हालात बहुत बदतर बनते जा रहे हैं। अब तक 4.88 लाख से ज़्यादा लोग इस बाढ़ से प्रभावित हुए हैं और 3 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग की ओर से अलग-अलग हिस्सों में बारिश और तूफान की चेतावनी दी है। राज्य भर में प्रमुख नदियाँ उफान पर हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित बजाली उपमंडल हुआ है जहां 2.67 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। नलबाड़ी और बारपेटा जिले भी गंभीर रूप से प्रभावित हैं, जहां लगभग 80,000 और 73,000 लोग प्रभावित हैं।