दिल्ली को छोड़कर उत्तर भारत में गुरुवार को मानसून से पहले की बारिश हुई जिससे अधिकतम तापमान सामान्य से कई डिग्री नीचे गिर गया। कश्मीर में तेज हवाओं के कारण ढांचे क्षतिग्रस्त हो गये और कई पेड़ गिर गए, साथ ही दो लोगों की मौत हो गयी। राष्ट्रीय राजधानी में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री था और आद्र्रता का स्तर 41 से 75 प्रतिशत के बीच था। दूसरे महानगरों कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में यह 34.8, 37.6 और 34.3 डिग्री था।
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के जेरान चेक गांव में सेना के 64 फील्ड रेजीमेंट के नायक सुरिंदर यादव के सिर पर पेड़ गिरने से उनकी मौत हो गयी। वहीं जिले के फकीर बाग इलाके में एक घर पर पेड़ गिरने से पांच साल की इकरा की मौत हो गयी। पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश हुई जिससे तापमान में कई डिग्री की गिरावट हुई। चंडीगढ़ में कल रात भारी बारिश हुई जबकि दिन में आसमान में बादल छाए थे। हरियाणा में अम्बाला, करनाल, पंचकुला, हिसार, यमुनानगर और कुरूक्षेत्र सहित कई जगहों पर बारिश हुई। पंजाब में लुधियाना, रोपड़, फगवाड़ा, मोहाली और होशियारपुर में बारिश हुई।
मौसम विभाग ने कहा कि जून के अंत तक पंजाब और हरियाणा में मानसून के पहुंचने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में कई जगहों पर हल्की से भारी बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने से तापमान में कमी आयी। नजीमाबाद एवं मुरादाबाद में नौ सेंटीमीटर, सहारनपुर एवं साफीपुर में सात सेंटीमीटर, नगीना एवं बांसगांव में छह सेंटीमीटर जबकि चंद्रदीपघाट, कन्नौज, मलीहाबाद, भिंगा, ओंला, बिजनौर में चार सेंटीमीटर बारिश हुई।
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार दूसरे दिन भारी बारिश हुई जिससे तापमान में मामूली गिरावट आयी। मंडी जिले में गोहार में सबसे अधिक 165 मिलीमीटर जबकि सुंदरनगर और बिजाही में क्रमश: 121 और 110 मिलीमीटर बारिश हुई। पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। कूच बिहार जिले में 87.8, दार्जिलिंग में 19, आसनसोल में 21.6 और बांकुड़ा में 9.6 मिलीमीटर बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूच बिहार में भारी बारिश होने का अनुमान लगाया है।