राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अजमेर में विजय संकल्प सभा को संबोधित किया। शनिवार को ही मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा पूरी हुई। यह गौरव यात्रा करीब 4 हजार कि.मी की थी। राजस्थान में फिर से बीजेपी को जिताने के लिए पीएम मोदी ‘नमो’ अंदाज में दिखे। राजस्थान में इस बार के राजनीतिक हालात से भली भांति वाकिफ मोदी ने कहा कि, प्रदेश में प्रत्येक पांच साल में सत्ता परिवर्तन की परंपरा रही है लेकिन इस बार राजस्थान अपनी परंपरा बदलने जा रहा है। इस बार ऐसा नहीं होगा। भारतीय जनता पार्टी की ही सरकार बनेगी। पीएम मोदी के भाषण के दौरान तेज आंधी भी आई। इस पर मोदी ने कहा कि, उन्होंने कहा प्रकृति भी अब हमारे साथ है, देखिए विजय की आंधी चल पड़ी है।

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की ओर से हाल में निकाली गई राजस्थान गौरव यात्रा के समापन पर कायड़ मैदान में आयोजित ‘विजय संकल्प सभा’ में मोदी ने कहा कि, पांच साल सरकार चलाने के बाद जनता के बीच हिसाब देने के लिए जाना आसान काम नहीं होता है। बीजेपी हमेशा इसका सर्मथन करती है और तैयार रहती है। जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, हमारी दिशा सही है, हमारी नीति स्पष्ट है, हमारी नीयत पर कोई शक नहीं कर सकता और हम जिस दिशा में जा रहे हैं हम मेहनत करने में कमी नहीं रखते है।

मोदी ने रैली में सर्जिकल स्ट्राइक पर कहा कि, देश के वीर जवानों का बहुत बड़ा पराक्रम था। कौन हिंदुस्तानी होगा जिनको हमारे वीरों पर गर्व न हो। मोदी ने सजिर्कल स्ट्राइक पर सबूत मांगने पर कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि, क्या हो गया है कांग्रेस पार्टी को, आप लोगों को क्या सत्ता पाने के लालच ने इतना नीचे धकेल दिया है। पहले आपने सर्जिकल स्ट्राइक का अपमान किया और जब पराक्रम पर्व से देश के युवा प्रेरणा मिल रही है तो आप उसमें भी गंदी हरकत करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग ने कर दिया है।  राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना में चुनाव होने हैं। तेलंगाना विधानसभा के भंग होने के बाद वहां चुनाव होंगे। जबकि अन्य प्रदेशों की विधानसभा का कार्यकाल पूरा हो चुका है।

राजस्थान में 12 नवंबर को चुनाव अधिसूचना जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 19 नवंबर होगी। नाम वापसी 22 नवंबर तक होगी। राज्य में 7 दिसंबर को मतदान होगा।