Parliament Winter Session Day 10 LIVE: संसद के शीतकालीन सत्र का आज 10वां दिन है। राज्यसभा में शुक्रवार को पूर्व गृह मंत्री, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष शिवराज पाटिल को श्रद्धांजलि दी गई। शून्यकाल के आखिर में सभापति सी पी राधाकृष्णन ने पाटिल के निधन का जिक्र किया। उन्होंने पूर्व लोकसभा अध्यक्ष पाटिल के संसदीय जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के रूप में पाटिल का उच्च कोटि की संसदीय मर्यादाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा। पाटिल कुछ समय से बीमार थे और उन्होंने लातूर में अपने आवास ‘देवघर’ में 90 वर्ष की आज में आज सुबह अंतिम सांस ली।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश के एनडीए सांसदों से संसद भवन में मुलाकात करेंगे।एसआईआर के मुद्दे पर संसद में आज भी जोरदार बहस की उम्मीद है। वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी संसद भवन के एनेक्सी एक्सटेंशन बिल्डिंग पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस के लोकसभा सांसदों की रिव्यू मीटिंग की अध्यक्षता की। इससे पहले गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सरकारी आवास 7, लोक कल्याण मार्ग पर एनडीए सांसदों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया था। इसमें बीजेपी और उसके सहयोगी दलों के सांसदों को आमंत्रित किया गया था। संसद के शीतकालीन सत्र के लेटेस्ट अपडेट्स के लिए पढ़ें जनसत्ता.कॉम

Live Updates
13:01 (IST) 12 Dec 2025

सिरी फ़ोर्ट खेल परिसर में शराब की बिक्री पर रोक लगाने की मांग

आप सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को राज्यसभा में राष्ट्रीय राजधानी के प्रतिष्ठित सिरी फ़ोर्ट खेल परिसर में शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए कहा कि यह नियमों के विरुद्ध है और परिसर में आने वाले खेल प्रेमियों पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

12:40 (IST) 12 Dec 2025

Parliament Winter Session LIVE: कैबिनेट मंत्रियों की अनुपस्थिति के कारण राज्यसभा स्थगित

राज्यसभा की कार्यवाही शुक्रवार को कैबिनेट मंत्रियों की अनुपस्थिति के कारण 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्षी सांसदों ने यह मुद्दा उठाया कि सदन में कोई भी कैबिनेट मंत्री मौजूद नहीं है। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि वह इस बारे में सरकार से बात करेंगे। उन्होंने एक कनिष्ठ मंत्री से अनुरोध किया कि सदन में किसी कैबिनेट मंत्री की उपस्थिति सुनिश्चित कराई जाए। विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच उन्होंने कहा, “मैं प्रक्रिया समझता हूं। मैंने मंत्री से अनुरोध किया है। किसी एक कैबिनेट मंत्री को आना चाहिए।”

12:14 (IST) 12 Dec 2025

राहुल गांधी ने लोकसभा में वायु प्रदूषण का मुद्दा उठाया

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लोकसभा में वायु प्रदूषण का मुद्दा उठाया. इस दौरान उन्होंने कहा कि हम सरकार के साथ हैं, सदन में प्रदूषण पर चर्चा होनी चाहिए. सरकार वायु प्रदूषण पर एक्शन प्लान बनाए और हम क्या करने वाले हैं इस पर बात हो.

11:50 (IST) 12 Dec 2025

अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को शिकायत पत्र लिखा

भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा के अध्यक्ष ओम बिरला को शिकायत पत्र लिखा है जिसमें सदन के अंदर ही सिगरेट पीने की बात कही गई है.

11:32 (IST) 12 Dec 2025

प्रधानमंत्री मोदी ने शिवराज पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त किया

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर शोक व्यक्त किया मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘शिवराज पाटिल के निधन से दुखी हूं। वह एक अनुभवी नेता थे, जिन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष और लोकसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि पाटिल समाज के कल्याण में योगदान देने के लिए बेहद उत्साही रहते थे। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कई वर्षों में मेरी उनसे कई बार बातचीत हुई, हाल में कुछ महीने पहले वह मेरे आवास पर आए थे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ओम शांति।’’

11:28 (IST) 12 Dec 2025

शिवराज पाटिल के निधन पर दुख

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे और राहुल गांधी ने पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल के निधन पर शुक्रवार को दुख जताया और इसे कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति करार दिया। राहुल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शिवराज पाटिल के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है और पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण, राष्ट्र के लिए उनके योगदान हमेशा याद किए जाएंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं पूरे पाटिल परिवार, उनके शुभचिंतकों और समर्थकों के साथ हैं।’’

11:26 (IST) 12 Dec 2025

Parliament Winter Session LIVE: सदन के बाहर सिगरेट पीने पर कोई आपत्ति नहीं- सौगत रॉय

ई-सिगरेट विवाद पर टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने कहा, “कोई आरोप नहीं है। सदन के अंदर सिगरेट पीना प्रतिबंधित है लेकिन सदन के बाहर खुले में सिगरेट पीने पर कोई आपत्ति नहीं है। भाजपा सरकार के दौरान दिल्ली में प्रदूषण अपने चरम पर है। उन्हें इस पर ध्यान देना चाहिए, न कि ऐसे आरोप लगाने पर।”

11:24 (IST) 12 Dec 2025

Parliament Winter Session LIVE: राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस नेताओं की बैठक

राहुल गांधी की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस नेताओं की बैठक पर कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने कहा, “यह एक नियमित बैठक है। यह सत्र अगले सप्ताह समाप्त होने वाला है। इसलिए, उससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस पार्टी के नेता हमारे सांसदों से सदन में उनके प्रदर्शन के बारे में बात करते हैं। हमने देखा कि सत्र में अब तक कांग्रेस पार्टी और हमारे सांसदों ने अपने भाषणों में कैसा प्रदर्शन किया है। हमने यही किया।”

11:22 (IST) 12 Dec 2025

Parliament Winter Session LIVE: लोकसभा दोपहर 12 बजे तक स्थगित

पूर्व गृह मंत्री शिवराज पाटिल और 13 दिसंबर, 2001 के संसद हमले में शहीद हुए सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि देने के बाद शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गयी।