भारत मौसम विज्ञान विभाग (Indian Metrological Department) ने मुंबई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 4-5 दिनों में महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आज मुंबई में पहुंचने की संभावना है।

महाराष्ट्र में होगी बारिश

मुंबई में क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने एक ट्वीट में कहा कि अगले 4-5 दिनों के दौरान महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बारिश की तीव्रता धीरे-धीरे बढ़ेगी। अगले 5 दिनों में मौसम खराब होने का संकेत है। येलो अलर्ट दर्शाता है कि निवासियों को संभावित गंभीर मौसम के बारे में सतर्क रहने की आवश्यकता है। मुंबई के कुछ हिस्सों में शनिवार सुबह बारिश हुई।

मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया कि मानसून 24 जून तक मुंबई पहुंच सकता है, लेकिन इसकी औपचारिक घोषणा होना बाकी है। आईएमडी मुंबई ने पहले कहा था कि मानसून के रायगढ़, ठाणे, मुंबई और पालघर की ओर आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।मानसून के 24 जून तक मुंबई पहुंचने की संभावना है।

जून के दूसरे सप्ताह में आता है मानसून

आम तौर पर मुंबई में मानसून आधिकारिक तौर पर जून के दूसरे सप्ताह में शुरू होता है। IMD ने 18 जून को देश में मानसून की शुरुआत पर एक अपडेट दिया था। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून चक्रवात बिपरजॉय के बाद अपने फिर से शुरू करने की प्रक्रिया में है। आईएमडी ने पहले कहा था कि मानसून में देरी के कारण कुछ दक्षिणी राज्यों में वर्षा की कमी हुई है।लेकिन अब अधिक वर्षा की उम्मीद है क्योंकि दक्षिण-पश्चिम मानसून राज्यों में अपना रास्ता बना रहा है।

इस बीच एक आईएमडी बुलेटिन में कहा गया है कि 21 जून तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, विदर्भ, छत्तीसगढ़, तेलंगाना के कुछ इलाकों में लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है। बाद में लू में कमी आएगी।

वहीं स्काईमेट ने कहा है कि मुंबई में मानसून 27 तक पहुंच सकता है। स्काईमेट ने बताया कि इस साल मुंबई सबसे लेट मानसून का सामना करेगा। स्काईमेट ने अब 27 जून से लेकर इस महीने के आखिर तक 2-3 दिनों के दौरान भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।