मानसून आने वाले दिनों में उत्तर भारत के लोगों को भी गर्मी से राहत दे सकता है। इंडिया मीट डिपार्टमेंट (आईएमडी) ने अनुमान लगाया है कि इस बार पहले से ज्यादा बारिश हो सकती है। इसके चलते कई राज्यों को भारी बारिश की चेतावनी भी दे दी गई है। आईएमडी ने कहा है कि आने वाले तीन दिनों में मानसून जम्मू, हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ हरियाणा और पंजाब में दस्तक दे देगा। दिल्ली भी इससे अछूती नहीं रहेगी। इससे पहले ही मानसून ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, केरल और गोवा में आ चुका है। इसके अलावा सिलिगुरी में पिछले 24 घंटों में 189 मीमी बारिश हो चुकी है। यूपी के गोरखपुर में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। असम, पश्चिम बंगाल, बिहार और पूर्व उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश हो रही है।
इतना ही नहीं अगले 24 घंटों तक पश्चिम बंगाल, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश होती रहेगी। साथ ही छत्तीसगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश,ओडिशा को भी मानसून की बारिश भिगोएगी।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 से 12 जुलाई के बीच बिहार में बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है। वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी 10 से 12 जुलाई को भारी बरसात होगी। इसके लिए पहले से आगाह कर दिया गया है। 9 जुलाई तक के आंकड़ों के मुताबिक, पूरे भारत की बात करें तो वर्षा की कमी में 2 प्रतिशत की गिरावट आ चुकी है। 9 जुलाई तक उत्तर भारत में अनुमान से 31 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई। लेकिन मध्य भारत, दक्षिण भारत, पूर्वी भारत और नॉर्थ ईस्ट में 7 से 9 प्रतिशत की कमी है।
देखिए संबंधित वीडियो