प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (05 जुलाई ) को अपनी मंत्रिपरिषद में फेरबदल करने जा रहे हैं। मोदी 19 नए नामों को शामिल करने जा रहे हैं। इंडियन एक्सप्रेस के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नए शामिल किए जा रहे नामों का चयन प्रधानमंत्री ने मंत्रियों के कार्य प्रदर्शन के आधार पर किया है। उन्होंने यह चयन विकास के विजन, गुड गवर्नेंस और केंद्र की गांव, गरीब और किसान की नीतियों को ध्यान में रखते हुए किया है। आपको बता दें कि यह दूसरी बार है जब मई 2014 में सत्ता में आई मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में विस्तार किया जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक इन 19 नामों का चयन 10 विभिन्न राज्यों से किया है जो कि मंत्रिपरिषद को भौगोलिक रूप से ज्यादा व्यापक स्तर पर कार्य करने में मदद करेगा और विविधता उपलब्ध कराएगा। साथ ही सरकार को ज्यादा व्यापक स्तर पर चीजों को समझने और प्रोफेश्नल तरीके से काम करने में मदद मिलेगी।

शिवसेना ने बोला हमला-

शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी पर अप्रत्यक्ष हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने केंद्रीय मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर उनके साथ कोई बातचीत नहीं की है और उनकी पार्टी कृपादृष्टि के लिए किसी के दरवाजे पर जाकर नहीं खड़ी होगी। शिवसेना प्रमुख ने इस बात पर जोर दिया कि उनकी पार्टी आत्मसम्मान को किनारे रखकर मंत्री पद के लिए किसी के सामने गुहार नहीं लगाएगी। उन्होंने संकेत दिया कि 2014 में भी जब राजग सत्ता में आई तो उनकी पार्टी को उचित हिस्सा नहीं मिला।

ठाकरे ने कहा, ‘उस समय उन्होंने (भाजपा ने) हमें राज्यमंत्री के पद की पेशकश की थी। फिर कहा कि हमें कैबिनेट में जगह मिलेगी। हम कहते हैं कि हमें जो भी मिले, सम्मान के साथ मिलना चाहिए। हम किसी चीज के लिए झोली नहीं फैलाएंगे। कैबिनेट विस्तार पर दिल्ली के साथ कोई बातचीत नहीं हुई है।’ उन्होंने कहा कि मंत्री पद मिलना उनके लिए गौण बात है और अगर बातचीत होती है तो वह अपनी राय रखेंगे। ठाकरे ने कहा, ‘कई राजनीतिक दलों के लोग शिवसेना में शामिल हो रहे हैं। मैं उनसे मिलने में व्यस्त रहा हूं और इसलिए कैबिनेट विस्तार पर विचार-विमर्श का समय नहीं मिला। एक बात साफ है। शिवसेना किसी चीज के लिए किसी के दरवाजे पर असहाय होकर कभी खड़ी नहीं होगी।’

महाराष्ट्र सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार के संदर्भ में शिवसेना अध्यक्ष ने कहा, ‘मेरी और मुख्यमंत्री की केवल सतही बातचीत हुई है। विस्तृत बातचीत के बाद मैं घोषणा करूंगा।’ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के अनुसार अगले सप्ताह उनके रूस रवाना होने से पहले मंत्रिमंडल विस्तार होगा। केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार मंगलवार सुबह होने की बात है, जिसे लेकर अटकलें बरकरार हैं।

 

यह हैं वह 19 नाम जिन्हें परिषद में शामिल किया जाएगा-

पीपी चौधरी (सीनियर एडवोकेट)
सुभाश राम राव (मशहूर डॉक्टर)
एम जे अकबर (विश्व प्रसिद्ध पत्रकार)
अर्जुन राम मेघवाल (राजस्थान के पूर्व सरकारी कर्मचारी)
अनिल माधव दवे (लेखक)
रमेश चंदपा जिगाजिनगी
पुरषोत्तम रुपाला (गुजरात के कृषि मंत्री)
जसवंत सिंह भाभोर
राजन गोहेन
महेंद्र नाथ पांडे
फग्गन कुलस्ते
विजय गोयल
अनुप्रिया सिंह पटेल
मनसुख मंडाविया
सीआर चौधरी
अजय तमता
रामदास अथालवाले
कृष्णा राज
एसएस अहलुवालिया

इस लिस्ट में चौधरी और अकबर को जहां काम करने का प्रोफेश्नल अनुभव है वहीं जिगाजिनगी, रुपाला, भाभोर और पांडे राज्य में मंत्री रहे हैं। कुलस्ते और गोयल इससे पहले केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। आपको बता दें कि मंत्री जिनका चयन किया गया है उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, बंगाल, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, दिल्ली उत्तराखंड, कर्नाटक और असम से हैं।