कुछ दिन पहले पूर्व आईपीएल चेयरमेन ललित मोदी और भगोड़े विजय माल्या का एक वीडियो काफी वायरल रहा था। उस वायरल वीडियो में विजय ललित मोदी ने विजय माल्या को उसके जन्मदिन की पार्टी दी थी, कई बड़े सेलेब्स उस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। हैरानी की बात यह थी कि भारतीय एजेंसी जिस ललित मोदी को वापस देश लाने की कोशिश कर रही है, उसने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉम पर उस बर्थडे पार्टी का वीडियो शेयर किया था, कई तस्वीरें भी सामने आई थीं।
अब उस वायरल वीडियो पर पहली बार विदेश मंत्रालय ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि भारत सरकार देश से फरार होकर कानून से बचने वाले सभी भगोड़ों को वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस संबंध में कई देशों के साथ लगातार बातचीत चल रही है, और मैं आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि हम उनके प्रत्यर्पण को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह दृढ़ और प्रतिबद्ध हैं।
जानकारी के लिए बता दें कि बेलग्रेव स्क्वायर स्थित ललित मोदी के आलीशान आवास पर पार्टी आयोजित की गई थी। इस पार्टी में कई नामी हस्तियां शामिल हुईं। इनमें बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ, अभिनेता इद्रिस एल्बा और मशहूर फैशन डिजाइनर मनोविराज खोसला शामिल थे। कुछ तस्वीरों में किरण मजूमदार-शॉ फैशन डिजाइनर के साथ पोज देती नजर आ रही थीं। वहीं, फोटोग्राफर जिम राइडेल ने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट से पार्टी की तस्वीरें साझा की थीं।
ललित मोदी ने खुद भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए सभी मेहमानों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने विजय माल्या को अपना खास दोस्त बताया। दिलचस्प बात यह है कि पार्टी के इनविटेशन कार्ड पर बड़े अक्षरों में “किंग ऑफ गुड टाइम्स” लिखा हुआ था। यह लाइन खास तौर पर विजय माल्या के लिए लिखवाई गई थी। जानकारी के लिए बता दें कि विजय माल्या मार्च 2016 में भारत छोड़कर ब्रिटेन चले गए थे, जबकि ललित मोदी 2010 में वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों के बाद देश छोड़कर विदेश चले गए थे।
