मराठा समुदाय ने आरक्षण सहित अपनी मांगों को लेकर ठाणे में ‘मौन मार्च’ निकाला जिसमें मंत्री एकनाथ शिंडे और शिवसेना, कांग्रेस और राकांपा के नेताओं ने शिरकत की। अपनी मांगों को लेकर मराठा समुदाय राज्यव्यापी आंदोलन चला रहा है। कोल्हापुर में ‘मराठा क्रांति मूक मोर्चा’ आयोजित करने के एक दिन बाद समुदाय के सदस्य रविवार को बड़ी संख्या में ठाणे के ‘तीन हाथ नाका’ पर एकत्रित हुए और पांच किलोमीटर दूर जिला कलक्ट्रेट की तरफ मार्च निकाला। मार्च में शामिल होने वाले लोगों ने हाथ में भगवा झंडे और अपनी मांगों की तख्तियां ली हुई थीं। बच्चे और बुजुर्गों ने मराठा योद्धा छत्रपति शिवाजी की वेशभूषा धारण कर रखी थी। सभी ने कतारबद्ध होकर गोखले मार्ग और अन्य मुख्य सड़कों की तरफ मार्च किया। बड़ी संख्या में महिलाओं और युवकों ने यहां मोर्चा में हिस्सा लिया। पांच छोटी लड़कियों ने मोर्चा का नेतृत्व किया। ठाणे में विभिन्न स्थानों पर बैनर और होर्डिंग लगे थे जिन पर ‘एक मराठा, लाख मराठा’ का नारा लिखा हुआ था।