भारत का चंद्रयान 3 अपनी सफलता का परचम लहरा चुका है। उसकी क्रांति पूरी दुनिया देख भी रही है और इस पर चर्चा भी लगातार चल रही है। अब इस बीच भारत का ही मंगलयान भी एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। कहने को ये मिशन अब कई साल पुराना हो गया है, लेकिन उसके द्वारा अभी भी लगातार जरूरी जानकारी भेजी जा रही है। इसी कड़ी में अब मार्स के सबसे करीबी वाले ‘चांद’ फोबोस का एक शानदार वीडियो सामने आया है।
क्या है ये फोबोस, मंगल ग्रह से क्या कनेक्शन?
वायरल वीडियो में काले आकार का एक टुकड़ा तेजी से मार्स का चक्कर लगा रहा है। अब ये टुकड़ा असल में मार्स का ही एक मून है यानी कि चांद। इसे ऐसे समझ सकते हैं कि मार्स के कुल दो चांद हैं- एक फोबोस और दूसरा डीमोस। अब फोबोस मंगल ग्रह के सबसे करीब है, वैज्ञानिक तो यहां तक मानते हैं कि वो एक दिन मार्स से जरूर टकराएगा। दूसरी तरफ डीमोस मार्स की कक्षा से बाहर निकल रहा है, ऐसे में वो दूर जाता रहेगा।
मंगलयान मिशन अभी क्या कर रहा है?
जानकारी के लिए बता दें कि भारत का मंगलयान मिशन साल 2014 से ही मार्स की कक्षा में चक्कर लगा रहा है। मंगलयान के लिए तय कामों में मंगल ग्रह पर जीवन के लिए संभावित संकेत मीथेन यानी मार्श गैस के सूत्र का पता लगाने के अलावा वहां के पर्यावरण की जांच शामिल था। इसमें लगाए गए कैमरे थर्मल इमेजिंग स्पेक्ट्रोमीटर लाल ग्रह की सतह और उसमें मौजूद खनिज संपदा का लगातार अध्ययन कर रहे हैं और आंकड़े जमा किए जा रहे हैं।
वैसे इस समय चंद्रयान 3 भी चांद की लगातार शानदार तस्वीरें जारी कर रहा है। प्रज्ञान ने चांद के दक्षिणी ध्रुव पर जो अपनी परिक्रमा शुरू की है, उसकी वजह से कई अनसुलझे रहस्य भी चांद के पता चल रहे हैं। आने वाले दिनों में कई और इनपुट इसरो तक पहुंचने वाले हैं।