महात्मा गांधी के पोते तुषार गांधी ने शनिवार (3 सितंबर) को आदमी आदमी पार्टी के सीनियर नेता और प्रवक्ता आशुतोष पर हमला बोला। दरअसल आशुतोष ने सेक्स स्कैंडल में फंसे संदीप कुमार की तुलना महात्मा गांधी से की थी। इस बात को ही लेकर तुषार आशुतोष से गुस्सा हैं। तुषार ने ट्वीट किया, ‘AAP के आशुतोष ने सेक्स वीडियो में दिखाई देने वाले विधायक की तुलना बापू के ब्रह्मचर्य वाले एक्सपेरिमेंट से की है। इससे उनके नैतिक रूप से खराब हो जाने का पता लगता है। वह बेशर्म हैं।’

इससे पहले शुक्रवार (2 सितंबर) को आशुतोष ने संदीप के समर्थन में ब्लॉग लिखा था। आशुतोष ने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि संदीप को पार्टी से क्यों निकाला गया। उन्होंने पर्सनल लाइफ, पर्सनल स्पेस तमाम तरह की दलीलें भी दी थी। इसके अलावा उन्होंने जवाहर लाल नेहरू, महात्मा गांधी और अटल बिहारी वाजपेयी का उदाहरण भी दे डाला था। आशुतोष ने कहा था कि वे सभी लोग भाग्यशाली थे क्योंकि उनके वक्त में टीवी नहीं था वर्ना वे भी सुर्खियों में होते। आशुतोष ने लिखा, ‘भारत का इतिहास ऐसे नेताओं और हीरो के किस्सों से भरा है जो समाज की मर्यादा तोड़कर अपनी जिंदगी जीते थे। पंडित नेहरू के उनके साथ काम करने वाली महिलाओं के साथ अफेयर की खबरें आती थी। लेकिन उससे उनका राजनीतिक करियर खराब नहीं हुआ। एडवीना माउंटबेटन के साथ उनके संबंधों की चर्चा हर तरफ होती है। पूरा विश्व उसकी बात करता है। वह प्यार नेहरू की आखिरी सांस तक रहा था। क्या वह पाप था? इतिहास ने और भी बहुत कुछ देखा है। 1990 में कांग्रेस के नेता गांधीजी और सरला चौधरी के अफेयर को लेकर चिंता में रहते थे। सरला चौधरी रविंद्र नाथ टैगोर की रिश्तेदारी में थीं। गांधीजी ने उन्हें अपनी आध्यात्मिक पत्नी तक कहा था। इससे कस्तूरबा गांधी भी काफी परेशान रहती थीं। सी गोपालचारी के साथ कई कांग्रेसी नेताओं ने मिलकर गांधीजी को सरला को छोड़ने के लिए मनाया। बाद में गांधीजी ने खुद बताया था कि वह ब्रह्मचर्य के ऊपर एक खोज करने के लिए अपनी दो शिष्याओं के साथ नग्न सोते थे। पंडित नेहरू ने उन्हें सबको यह बताने से मना भी किया था लेकिन गांधीजी को उससे कोई फर्क नहीं पड़ा था।’

वहीं, वीडियो में दिख रही महिला ने शनिवार को ही सुल्तानपुरी थाने जाकर संदीप के खिलाफ शिकायत दर्ज करवा दी। इससे पहले संदीप कुमार को पार्टी से भी बर्खास्त कर दिया गया था।

Read Also: …जब बीच बहस में टीवी पर बीजेपी नेता ने ‘आप’ के आशुतोष से कहा- आपने भी तो टीवी चैनल में बड़े घपले किए थे