मुंबई/चंडीगढ़। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभाओं के लिए हो रहे चुनावों में आज शुरूआती घंटों में कहीं हल्का मतदान देखने को मिला तो कहीं मतदान में तेजी भी दिखाई पड़ी।

288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्यों को चुनने के लिए लोग सुबह सात बजे मतदान शुरू होने से पहले ही कड़ी सुरक्षा वाले मतदान केंद्रों के बाहर कतारों में खड़े होने लगे थे।

जल्दी मतदान करने वालों में बारामति में पूर्व उपमुख्यमंत्री और राकांपा के सदस्य अजीत पवार, सांसद सुप्रिया सुले और प्रतिभा पवार को देखा गया। वहीं विधानपरिषद में नेता प्रतिपक्ष विनोद तावडे को मुंबई में, भाजपा की पंकजा मुंडे को बीड में जल्दी मतदान के लिए जाते देखा गया। बीड में लोकसभा सीट के लिए उपचुनाव भी हो रहे हैं। पंकजा के पिता गोपीनाथ मुंडे का निधन सड़क हादसे में हो जाने के बाद यह सीट खाली हो गई थी।

बॉलीवुड सितारों में से रेखा एवं अभिषेक बच्चन ने सुबह मतदान किया।

इस चुनावी दौड़ में कुल 4,119 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 276 महिलाएं हैं। राज्य में 8.35 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं।

हरियाणा के प्रमुख निर्वाचन अधिकारी श्रीकांत वालगाड के अनुसार, हरियाणा में सुबह 10 बजे तक 7 प्रतिशत मतदान हुआ। राज्य की 90 सीटों पर कुल 1,351 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें से 116 उम्मीदवार महिलाएं हैं। राज्य में कुल 1 . 63 करोड़ मतदाता हैं और इनमें 87.37 लाख महिलाएं हैं।
सुबह-सुबह मतदान करने वालों में मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा समेत कई प्रमुख लोग शामिल थे।

मतदान शाम छह बजे तक चलेगा और मतगणना 19 अक्तूबर को होनी है।

दोनों राज्यों में हो रहे इन दिलचस्प चुनावों को लोकसभा चुनावों के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता की पहली बड़ी परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों ही राज्यों में भाजपा के प्रचार अभियान की अगुवाई की है।

महाराष्ट्र के स्थापित राजनैतिक गठबंधन शिवसेना-भाजपा गठबंधन और कांग्रेस-राकांपा गठबंधन चुनावों के ठीक पहले टूट गए और अब ये दल 15 साल के बाद अकेले लड़ रहे हैं। कांग्रेस और राकांपा ने वर्ष 1999 के बाद से 15 सालों तक राज्य में शासन किया है।

हरियाणा में भी भाजपा ने अपने सहयोगियों से किनारा कर लिया और अब वह अपने दम पर बहुमत हासिल करने एवं कांग्रेस को हटाने की उम्मीद कर रही है। कांग्रेस ने पिछले 10 सालों तक यहां राज किया है।

वहीं महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ऑनलाइन लोकप्रिय नेताओं की सूची में सबसे आगे निकल गए हैं। 

गूगल ने कहा, शिवसेना के उद्धव ठाकरे को पीछे छोड़ते हुए राज ठाकरे ऑनलाइन जगत में सबसे लोकप्रिय नेता बनकर उभरे हैं। 

महाराष्ट्र की 288 विधानाभा सीटों पर हो रहे चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण सहित 4,119 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कुल 8.25 करोड़ मतदाता इन उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। 

गूगल की ओर से कराए गए अध्ययन के अनुसार सर्च के नतीजे दिखाते हैं कि मनसे प्रमुख राज और उनके चचेरे भाई उद्धव महाराष्ट्र में सबसे अधिक सर्च किए गए नेताओं की सूची में शीर्ष पर हैं। 

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता अजित पवार तथा भाजपा राज्य इकाई के अध्यक्ष देवेंद्र फड़नविस भी शीर्ष लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं, हालांकि वह राज और उद्धव से पीछे हैं।