राजस्थान के नागौर शहर में गो चिकित्सालय और गौशाला का संचालन करने वाले महामंडलेश्वर कुशालगिरी ने बलात्कार का आरोप लगने के बाद शुक्रवार को आत्महत्या की कोशिश की। समय रहते उनके संस्थान के कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, हालत गंभीर होने पर उन्हें जोधपुर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बलात्कार का आरोप उनके संस्थान में काम करने वाली एक युवती ने लगाया है। संस्थान में बीमार गायों का उपचार किया जाता है। नागौर पुलिस के सदर थाने के एसएचओ सहदेव चौधरी ने बताया कि गो चिकित्सालय में काम करने वाली एक युवती ने गुरूवार को महामंडलेश्वर कुशालगिरी के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज कराया था। उसकी रिपोर्ट की पुलिस जांच ही कर रही थी कि शुक्रवार सवेरे महामंडलेश्वर कुशालगिरी के खुदकुशी करने की कोशिश की जानकारी मिली।
संस्थान के कर्मचारियों का कहना है कि कुशालगिरी ने कमरे में पंखे से लटक कर जान देने की कोशिश की। कर्मचारियों ने उन्हें गंभीर हालत में फौरन अस्पताल पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि अभी यह पुख्ता नहीं हो पा रहा है कि उन्होंने लटक कर या जहर खाकर जान देने की कोशिश की। कर्मचारियों का कहना है कि उनके मुहं से झाग निकल रहा था।
पुलिस के अनुसार पीडिता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वो कमरे में सो रही थी, तभी कुशालगिरी ने कमरा खटखटा कर खुलवाया। उसके साथ मारपीट की गई और बलात्कारर किया गया। पुलिस ने आज ही पीडिता का मेडिकल करवाया है।