2025 खत्म होने वाला है और दुनिया भर के साथ ही भारत के लोग भी नए साल का इंतजार कर रहे हैं। साल 2025 में भारत में कई ऐसी घटनाएं हुईं, जो मीडिया की सुर्खियों में छाई रहीं। इन घटनाओं में भारत के द्वारा पाकिस्तान में चल रहे आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर के तहत की गई एयर स्ट्राइक से लेकर अहमदाबाद में हुए विमान हादसे और कई बड़ी घटनाएं शामिल हैं।

आइए, साल 2025 की 10 बड़ी घटनाओं पर एक नजर डालते हैं।

1- महाकुंभ में हुई थी भगदड़

जनवरी और फरवरी में आयोजित प्रयागराज महाकुंभ मेले में लाखों तीर्थयात्री शामिल हुए। 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के दौरान जब बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा थे तो भगदड़ मच गई थी। इस घटना में कई लोगों की मौत हो गई थी और बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए थे।

2- मेरठ का सौरभ हत्याकांड

मेरठ के सौरभ राजपूत हत्याकांड ने देश को हिलाकर रख दिया था। लंदन में काम करने वाला सौरभ 24 फरवरी को मेरठ लौटा था। 3 मार्च की रात मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर सौरभ की हत्या कर दी थी। दोनों ने सौरभ के शव के टुकड़े करके प्लास्टिक के नीले ड्रम में भर दिए थे और इसमें सीमेंट डाल दिया था।

मेरठ छोड़ने की तैयारी में जुटा मुस्कान का परिवार

3- आतंकियों ने पहलगाम की 26 लोगों की हत्या

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम के पास बैसरन घाटी में आतंकवादियों ने पर्यटकों पर गोलियां बरसा दी थी। आतंकियों ने 26 लोगों की हत्या कर दी थी। हमले में आतंकी संगठनों- लश्कर-ए-तैयबा, टीआरएफ का नाम आया था। भारत ने कहा था कि वह इसका माकूल जवाब देगा।

4- भारत ने किया ऑपरेशन सिंदूर

पहलगाम हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया और पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में चल रहे आतंकी संगठनों पर एयर स्ट्राइक की थी। 6 से 10 मई, 2025 तक पांच दिनों तक चला भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष चला। 10 मई को पाकिस्तान के अनुरोध के बाद सीजफायर हो गया। भारत सरकार ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर का मकसद आतंकवाद के लिए इस्तेमाल होने वाले लॉन्चपैड को निशाना बनाना था।

5- इंदौर का राजा रघुवंशी हत्याकांड

11 मई को शादी के बाद 21 मई को राजा और सोनम हनीमून मनाने के लिए शिलांग गए थे। 23 मई को राजा की अपने परिवार से आखिरी बार बात हुई थी। राजा का शव 2 जून को गहरी खाई में मिला था। इसके बाद सोनम गायब हो गई थी और 9 जून को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में सड़क किनारे एक ढाबे पर मिली थी। उसे गिरफ्तार कर शिलांग लाया गया था। मेघालय पुलिस ने तीन और आरोपियों– लोकेंद्र तोमर, बल्ला अहिरवार और शिलोम जेम्स को भी सबूत नष्ट करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। यह मामला जबरदस्त चर्चा में रहा था। पुलिस के अनुसार, राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश सोनम और उसके प्रेमी राज कुशवाहा ने मिलकर रची थी।

विमान हादसे में जीवित बचे शख्स ने बताया टेक ऑफ के बाद क्या हुआ था?

6- अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हुआ एअर इंडिया का विमान

अहमदाबाद में यह विमान हादसा मेघानी नगर इलाके में हुआ था। विमान टेक ऑफ करने के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गया था। प्लेन के क्रैश होने के बाद इसमें भयंकर आग लग गई। यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। विमान में सवार 242 यात्रियों में से सिर्फ एक शख्स ही जिंदा बच पाया था। एअर इंडिया का Boeing 787-8 विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था और 12 जून को यह हादसा हुआ था। विमान हादसे में कुल 270 लोगों की मौत हुई थी।

इस मामले में Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) की रिपोर्ट आई थी। रिपोर्ट कहती है कि विमान के दोनों फ्यूल कंट्रोल स्विच ‘RUN’ से ‘CUTOFF’ में बदल गए और इस वजह से विमान को बहुत जरूरी वक्त में थ्रस्ट नहीं मिला और यह हादसे का शिकार हो गया।

7- एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुई थी भगदड़

बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास 4 जून, 2025 को मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 11 लोग घायल हो गए थे। इस घटना ने न केवल खेल प्रेमियों, बल्कि पूरे कर्नाटक को गहरे सदमे में डाल दिया। हादसे के बाद कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने सख्त कदम उठाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए थे। बेंगलुरु पुलिस ने RCB के मार्केटिंग और रेवेन्यू हेड निखिल सोसले, डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क के सीनियर इवेंट मैनेजर किरण कुमार और वाइस प्रेसिडेंट (बिजनेस अफेयर्स) सुनील मैथ्यू को गिरफ्तार कर लिया था।

यह हादसा तब हुआ जब RCB की IPL जीत के जश्न के लिए स्टेडियम के बाहर हजारों प्रशंसक जमा हुए थे। जश्न का आयोजन RCB, डीएनए एंटरटेनमेंट नेटवर्क और कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) की ओर से किया गया था। लेकिन भीड़ प्रबंधन में भारी चूक और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण यह उत्सव एक त्रासदी में बदल गया।

8- करूर में विजय की रैली में भगदड़

सितंबर महीने में तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के प्रमुख और अभिनेता से नेता बने विजय की रैली में भगदड़ हो गई थी। भगदड़ में 41 लोगों की मौत हो गई थी और 100 से से ज्यादा घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया था कि विजय के हजारों प्रशंसक नमक्कल से ही उनके काफिले के पीछे-पीछे चल रहे थे और जब वह करूर पहुंचे तो भीड़ उम्मीद से कहीं ज्यादा बढ़ गई क्योंकि करूर में बड़ी संख्या में लोग पहले से ही उनका इंतजार कर रहे थे। जब विजय सभा को संबोधित कर रहे थे, उसी दौरान भीड़ बढ़ गई और बेकाबू हो गई। इस वजह से भगदड़ मच गई और इसमें कई लोगों की मौत होने के साथ ही कई घायल हो गए।

दिल्ली में लाल किले के पास हुए बम विस्फोट के बाद ये हैं छह बड़े सवाल  

9- लाल किले में हुआ बम विस्फोट

दिल्ली में लाल किले के पास सोमवार (10 नवंबर) की शाम को एक कार में ब्लास्ट हुआ। हुंडई i20 कार में हुए विस्फोट में 13 लोगों की जान चली गई थी। i20 कार को डॉ. उमर नबी चला रहा था। विस्फोट से कुछ ही घंटे पहले जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश हुआ था जिसमें तीन डॉक्टर समेत आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया था और 2,900 किलोग्राम विस्फोटक जब्त किया गया था। यह मॉड्यूल कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैला हुआ था।

गिरफ्तार किए गए लोगों में डॉ. उमर नबी, डॉ. मुजम्मिल गनई और डॉ. शाहीन सईद भी शामिल थे जो फरीदाबाद स्थित अल फलाह विश्वविद्यालय से जुड़े थे। जम्मू -कश्मीर के अनंतनाग ज़िले के एक अन्य डॉक्टर, अदील मजीद राथर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया। फरीदाबाद से 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट भी बरामद किया गया था। एनआईए की टीम की सहायता से स्पेशल सेल ने नूंह से अल-फलाह यूनिवर्सिटी के दो डॉक्टर्स- मोहम्मद और मुस्तकीम को हिरासत में लिया। उन्होंने बताया कि ये दोनों डॉ. मुजम्मिल गनई के संपर्क में थे।

10- बिहार में मिली बीजेपी को जीत

2025 में नवंबर में बिहार के विधानसभा चुनाव हुए। जनवरी में दिल्ली में हुए चुनाव मे भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर 27 साल बाद सत्ता में वापसी की। बीजेपी ने रेखा गुप्ता को मुख्यमंत्री बनाया। बिहार में एनडीए ने 243 में से 202 सीटें जीतकर बड़ी जीत हासिल की। नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री बने। आरजेडी की अगुवाई वाले महागठबंधन को सिर्फ 35 सीटें ही मिलीं।

ये भी हैं बड़ी घटनाएं 

अभिनेता सैफ अली खान पर हमला, दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की जीत, चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की जीत, राजद सुप्रीमो लालू यादव का अपने बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार दोनों से बाहर का रास्ता दिखाना, बिहार में एसआईआर को लेकर हंगामा, झामुमो के संस्थापक शिबू सोरेन का निधन, जीएसटी की नई दरों का लागू होना, बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का निधन, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत आना भी बड़ी घटनाएं रहीं। 

बीजेपी ने हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और अब बिहार में गाड़ा झंडा