लूथरा ब्रदर्स को थाईलैंड पुलिस ने हिरासत में ले लिया है, उनके पासपोर्ट भी सस्पेंड हुए हैं। गोवा अग्निकांड में इसे एक बड़े एक्शन के रूप में देखा जा रहा है, उन्हें कैसे जल्द ही भारत वापस लाया जाए, इस पर भी मंथन चल रहा है।

बताया जा रहा है कि भारत के अनुरोध के बाद ही थाईलैंड पुलिस ने फुकेट से दोनों लूथरा ब्रदर्स को हिरासत में लिया है। जानकारी के लिए बता दें कि गोवा क्लब में हुए भयंकर अग्निकांड में 25 लोगों की जान चली गई थी। इस क्लब के फाउंडर यही लूथरा ब्रदर्स हैं, जो घटना के तुरंत बाद देश छोड़कर भाग गए थे। उनके फरार होते ही सीबीआई ने इंटरपोल से ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था।

पुलिस जांच के मुताबिक, 7 दिसंबर की रात 1:17 पर मेक माई ट्रिप के जरिए लूथरा ब्रदर्स ने थाईलैंड के लिए अपनी टिकट बुक की थी। यानी जिस समय फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां गोवा क्लब में आग बुझाने की कोशिश कर रही थीं, उसी समय दोनों भाई भारत से फरार हो रहे थे।

इधर, दोनों भाई थाईलैंड भाग चुके थे और भारत में निचली अदालत में उन्होंने अग्रिम जमानत की मांग भी की थी। लेकिन कोर्ट ने उनकी यह याचिका खारिज कर दी। तब से ही उनके ऊपर गिरफ्तारी की तलवार लटक रही थी। इसी बीच थाईलैंड पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है और भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू होने की तैयारी चल रही है।

गोवा पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच क्लब सदस्यों और स्टाफ को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में आग लगने के कई कारण सामने आए हैं। कहा जा रहा है कि क्लब मेंबर्स ने फायर गन का इस्तेमाल किया था, जिसकी चिंगारी फर्नीचर पर गिरी और देखते-देखते पूरा क्लब आग की चपेट में आ गया। कुछ चश्मदीदों ने आतिशबाजी किए जाने की बात भी कही है।

ये भी पढ़ें- दिल्ली के 900 रेस्टोरेंट और क्लब फायर सिक्योरिटी की निगरानी में