Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव 2019 की घोषणा के बाद से इस बार युवा वोटरों के साथ युवा नेताओं पर भी सबकी निगाहें होंगी। अनुराग ठाकुर, सुप्रिया सुले, अगाथा संगमा, दुष्यंत चौटाला, चिराग पासवान, मिलिंद देवड़ा, ज्योतिरादित्य सिंधिया, जैसे प्रमुख चेहरों के साथ ही कई ऐसे चेहरे हैं जो इस चुनाव में चर्चा में रह सकते हैं। जानते हैं ऐसे ही कुछ चेहरों के बारे में। पूनम महाजन मुंबई नॉर्थ सेंट्रल से सांसद होने के साथ ही भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। पिता प्रमोद महाजन की 2006 में हत्या के बाद वे महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री गोपीनाथ मुंडे के कहने पर राजनीति में आई थीं। साल 2009 में मुंबई की घाटकोपर विधानसभा सीट पर पूनम को हार का मुंह देखना पड़ा था। इसके बावजूद इनकी राजनीतिक काबिलियत को देखते हुए पार्टी ने साल 2013 में इन्हें राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी। इससे पहले इस महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभालने वाली एकमात्र महिला उमा भारती थीं। 2014 में इन्होंने कांग्रेस की दिग्गज नेता प्रिया दत्त को 1.84 लाख वोटों से हरा कर लोकसभा चुनाव जीता.ट्विटर पर 38 वर्षीय पूनम के 6 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं. पूनम की शादी आंध्र प्रदेश के कारोबारी आनंद राव वेजंदला से हुई है। पूनम ने ब्रिटेन के ब्राइटन स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट से लीडरशिप मैनेजमेंट में डिप्लोमा किया है। यह पूनम की राजनीतिक कुशलता का ही कमाल है कि आरएसएस से लेकर दिल्ली में शीर्ष नेतृत्व के साथ ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ उनके संबंध मधुर हैं।
अभिषेक सिंहः अभिषेक छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेटे हैं। 38 वर्षीय अभिषेक राज्य से सबसे युवा निर्वाचित लोकसभा सांसद हैं। अभिषेक ने साल 2014 में कांग्रेस के कमलेश्वर वर्मा को 2.35 लाख मतों के अंतर से हराया था। अभिषेक ने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग (एनआईटी) रायपुर से इंजीनियरिंग की डिग्री और जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट से एमबीए की पढ़ाई की है। अभिषेक सूचना तकनीक की स्थायी समिति, प्राइवेट मेंबर बिल समिति, मानव संसाधन विकास मंत्रालय की सलाहकार समिति समेत कई अन्य समितियों के भी सदस्य हैं। ये कृषि और ग्रामीण विकास के मुद्दों, मानव संसाधन प्रबंधन, शिक्षा, खेल, अंतरराष्ट्रीय व्यापार और अर्थव्यवस्था और प्राथमिक शिक्षा को बढ़ावा देने में विशेष रुचि रखते हैं। ट्विटर पर अभिषेक के 43 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं।
दिव्या स्पंदनाः दिव्या स्पंदना उर्फ राम्या वर्तमान में कांग्रेस की डिजिटल टीम की हेड हैं। वर्तमान में इनके पास सोशल मीडिया पर पार्टी की मौजूदगी व उसका पक्ष मजबूती से रखने की जिम्मेदारी है। इन्होंने पिछले कुछ समय में सोशल मीडिया पर पार्टी की इमेज में पूरी तरह से बदलाव लाने का साथ ही पार्टी की डिजिटल पहुंच को विस्तार दिया है। दिव्या जानी मानी कन्नड़ अभिनेत्री होने के साथ ही पूर्व सांसद भी हैं। इन्होंने 40 से अधिक फिल्मों में काम भी किया है।
साल 2012 में राजनीति में प्रवेश के बाद इन्होंने 2013 में कर्नाटक के मांड्या से उपचुनाव जीता था। युवा और प्रतिभाशाली नेता होने के कारण दिव्या यह समझती हैं कि देश के युवा की रुचि किसमें हैं और वह एक राजनीतिक दल से क्या अपेक्षा रखता है।
सुष्मिता देवः असम के सिलचर से सांसद सुष्मिता देव कांग्रेस की अखिल भारतीय महिला कांग्रेस समिति की अध्यक्ष हैं। 46 वर्षीय सुष्मिता कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संतोष मोहन देव की बेटी हैं। दिल्ली के मिरांडा हाउस बीए और एलएलबी करने वाली सुष्मिता ने ब्रिटेन से एलएलएम किया है। वह 2011 से 2014 तक विधायक भी रह चुकी हैं। सुष्मिता को 2018 में एनसीसी की केंद्रीय सलाहकार समिति का सदस्य नियुक्त किया गया था। वह इससे पहले महिला सशक्तिकरण समिति, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, पर्यावरण और वन से जुड़ी स्थायी समिति की सदस्य भी रह चुकी हैं। ट्विटर पर सुष्मिता के 1 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
गौरव गोगोईः गौरव की गिनती पूर्वोत्तर के युवा और बेहतरीन नेताओं में होती है। गौरव असम में कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के पुत्र हैं। ये असम के कालियाबोर से सांसद हैं। न्यूयॉर्क से एमबीए की पढ़ाई करने वाले गौरव पूर्वोत्तर के लोगों का पक्ष और क्षेत्र की जरूरतों को मजबूती से रखते हैं। वे लगातार एनआरसी का बचाव कर रहे हैं।
गौरव भाजपा सरकार पर इस मुद्दे को सही तरीके से नहीं संभाल पाने का आरोप लगाते रहे हैं। ट्विटर पर गौरव के एक लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।